पंजाब में मोटापे का प्रकोप काफी तेजी से बढ़ रहा है। एक ताजा सर्वे में प्रदेश के युवाओं पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पंजाब में 40 फीसदी युवा मोटे हैं। पीजीआई की एक रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। बुधवार पीजीआई में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी गई।
इस मौके पर पीजीआई में कम्यूनिटी मेडिसिन के प्रोफेसर डॉ. जेएस ठाकुर और रेडियोथेरेपी विभाग के डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि पीजीआई सर्वे में सामने आया है कि देश में होने वाली 61 फीसदी मौत का कारण मधुमेह, हार्ट अटैक, कैंसर जैसी खतरनाक बीमारियां हैं। पंजाब में डायबिटीज और 40 फीसदी आबादी ब्लड प्रेशर की शिकार है।
पंजाब की तरह की चंडीगढ़ में 15 फीसदी लोग डायबिटीज और 41 फीसदी हाइपरटेंशन के शिकार हैं। डॉ. राकेश कपूर नेबताया कि लोगों को टेंशन, कैंसर और डायबिटीज जैसी बीमारियों के प्रति जागरुक करने के लिए 7 मार्च को हेल्दी लाइफस्टाइल थीम पर पीजीआई में सुबह 9.30 से 5 बजे तक जाकिर हाल में एग्जीबिशन लगाई जाएगी।
7 मार्च को वॉकाथन
7 मार्च को ही सुबह 6.45 पर पीजीआई से सुखना लेक तक वॉकाथन का आयोजन किया जाएगा। एडवाइजर विजय कुमार देव इस मौके पर मुख्य अतिथि होंगे। उधर 8 मार्च को पीजीआई में आयोजित कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल कैंसर पंजाब और चंडीगढ़ में कैंसर रोगियों से जुड़ा डाटा भी जारी करेंगे।