पंजाब में आने वाले दिनों में भी धुंध का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब के गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर जिले धुंध से प्रभावित रहेंगे। पंजाब में गुरुवार को दिन के तापमान में 0.3 डिग्री की कमी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री की वृद्धि देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक घनी धुंध के लगातार पड़ने के कारण आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है।
स्कूल बसों को मानक पूरा करने का आदेश
पंजाब में पड़ रही सर्दी और धुंध वाले मौसम के बीच स्कूल बसों में सफर करने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सरकार सख्त हो गई है। खराब मौसम के चलते सभी स्कूली वाहनों पर फॉग लाइट जरूरी कर दी है जबकि स्कूल वाहन तय स्पीड लिमिट से तेज नहीं चलेंगे। मानक पूरे न करने वाले स्कूल प्रबंधक और ड्राइवर पर केस दर्ज किया जाएगा।
जलालाबाद में धुंध से मिनी बस पलटी, 25 जख्मी
जलालाबाद के गांव काठगढ़ के पास तेज रफ्तार मिनी बस धुंध के चलते खेत में पलट गई। धुंध में बस ड्राइवर को सड़क की चौड़ाई का आकलन नहीं हो पाया, जिससे बस सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई। बस में सवार करीब 25 लोग जख्मी हो गए।