मंगलवार रात को जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर ट्रक व महिंद्रा पिकअप गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिंद्रा गाड़ी सवार ड्राइवर व उसका साथी दोनों गाड़ी के बीच में फंस गए। हादसे का पता चलते ही मौके पर मौजूद लोगों व नेशनल पेट्रोलियम टीम व पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी को काटकर ड्राइवर व उसके साथी को बाहर निकाला। हालांकि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ लेकिन दोनों ड्राइवरों को गंभीर चोट आई हैं।
खन्ना में ट्राली के नीचे घुसी बोलेरो
खन्ना में मंगलवार रात को सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हरीश कुमार निवासी इकौलाहा को लुधियाना के डीएमसी व अमन निवासी खोड़ी नौध सिंह को चंडीगढ़ के पीजीआई में दाखिल करवाया गया। बोलेरो गाड़ी की टक्कर गन्ने से भरी ट्राली से हुई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बोलेरो गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। ट्राली के नीचे घुसी बोलेरो में से दोनों नौजवानों को राहगीरों ने बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
मौसम रहेगा शुष्क, गुरदासपुर सबसे ठंडा
मौसम विभाग चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अमृतसर, जालंधर, तरनतारन, कपूरथला, लुधियाना, पटियाला, गुरदासपुर, पठानकोट जिले गुरुवार खास तौर से सुबह के वक्त घनी धुंध की चादर लपेटे रहेंगे। अगले कुछ दिनों तक फिलहाल पंजाब का मौसम शुष्क रहेगा व बारिश नहीं होगी। उधर, बुधवार को पंजाब के दिन के तापमान में तो 2.2 डिग्री की गिरावट देखी गई लेकिन रात के तापमान में 1.1 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। 5.0 डिग्री के न्यूनतम तापमान के साथ गुरदासपुर सबसे ठंडा रहा। वहीं अमृतसर का न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री, लुधियाना का 10.2 डिग्री, पटियाला का 10.0 डिग्री, पठानकोट का 6.0 डिग्री, बठिंडा का 5.6 डिग्री, जालंधर का 9.8 डिग्री दर्ज किया गया।