पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने बुधवार को पंजाब राज्य अध्यापक योग्यता टेस्ट (टीईटी) का नतीजा घोषित कर दिया। परीक्षा के दोनों पेपरों में 166450 परीक्षार्थी अपीयर हुए थे।
इसमें से केवल 8793 परीक्षार्थी ही परीक्षा पास कर पाए हैं। हालांकि, पेपर एक 12.01 फीसद स्टूडेंट्स ही पास कर पाए। जबकि पेपर दो की पास प्रतिशत 3.36 रही। बोर्ड की चेयरपर्सन डॉ. तेजिंदर कौर धालीवाल ने परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया। इस मौके पर बोर्ड के वाइस चेयरमैन डॉ. सुरेश टंडन व सचिव जीएस बाठ भी मौजूद रहे।
बोर्ड की चेयरपर्सन ने बताया कि टीईटी के पहले पेपर 36974 परीक्षार्थी अपीयर हुए थे। जिसमें से 4442 परीक्षार्थी पास हुए हैं। जबकि दूसरे पेपर 129476 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें 4351 ही परीक्षा पास कर पाए है। वहीं, दोनों पेपरों की पास प्रतिशत क्रमश: 12.01 और 3.36 बनती है।
टीईटी-एक पेपर के टॉपर 122 नंबर हासिल करने में कामयाब रहे हैं। टीईटी-2 (गणित व साइंस) के टॉपर के 113 व टीईटी-दो (सामाजिक शिक्षा) के टॉपर परीक्षार्थी के 121 नंबर आए है। परीक्षा में जनरल श्रेणी के लिए क्वालीफाई करने के लिए 90 अंक व रिजर्व श्रेणियों के लिए 82 अंक लेना जरूरी रखे गए है।
परीक्षार्थी अपना रिजल्ट बोर्ड की वेबसाइट www.pstet.org.in पर देख सकते है। बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा पास करने वाले परीक्षार्थियों के नतीजा कार्ड 15 जनवरी के बाद घर के पते पर भेजे जाएंगे। शिक्षामंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने परीक्षा को बढ़िया तरीके से करवाने के लिए बोर्ड अधिकारियों को बधाई दी है।
जिक्रयोग है कि इससे पहले बोर्ड ने परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड की थी। वहीं, परीक्षार्थियों से सुझाव मांगे गए थे। साथ ही विभिन्न कमेटियां गठित की गई थी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की गई थी।