संदिग्ध आतंकी मनजिंदर सिंह उर्फ निक्का पर खुलासा
- फोटो : Demo Pic
काउंटर इंटेलीजेंस और जिला पुलिस के ज्वाइंट आपरेशन के दौरान कुछ दिन पहले गिरफ्तार किए गए बब्बर खालसा के संदिग्ध आतंकी मनजिंदर सिंह उर्फ निक्का ने पुलिस पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आतंकी निक्का के यूरोप के कई देशों में संपर्क थे। वह लगातार उनसे बात भी करता था और वहीं से उसे फंडिंग हो रही थी।
पुलिस अब जांच कर रही है कि निक्का को यूरोप के कौन-कौन से देशों से फंडिंग हो रही थी। इसके अलावा निक्का के निशाने पर कई बड़े लोग थे और वह पंजाब में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। वीरवार को कड़ी सुरक्षा के बीच आतंकी निक्का को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस की कई टीमें आतंकी निक्का से पूछताछ कर रही हैं।