प्रोग्रेसिव पंजाब में ताईवान पर आधारित सेशन के दौरान विदेशी मेहमानों ने काफी उत्साह दिखाया। उन्होंने कहा कि तीन सालों में यहां निवेश दोगुना किया जाएगा।
बाद में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने बताया कि दल ने मुख्यमंत्री को ताईवान आने का न्यौता दिया। साथ ही एक कंपनी ने अपना दफ्तर नोएडा से मोहाली शिफ्ट करने की बात कही है।
सेशन के दौरान ताईवान के निवेशकों ने फूड प्रोसेसिंग, एग्रो, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, लाइट इंजीनियरिंग व टेक्सटाइल इंडस्ट्री में निवेश की संभावनाएं तलाशीं।
सेशन का उद्घाटन करते हुए वित्तमंत्री परमिंदर ढींढसा ने कहा कि पंजाब में मौजूद परिस्थितियों के मद्देनजर यह निवेश के लिए सर्वश्रेष्ठ जगह है। पंजाब और ताईवान कई सेक्टर्स में मिलकर भी काम कर सकते हैं।
ताईवान की इंडस्ट्री राज्य में अपना मैनुफैक्चरिंग बेस बना सकती है। पंजाब में खेतीबाड़ी प्रोडक्शन ज्यादा है, ताईवान को फूड प्रोसेसिंग मशीनरी में महारत है। दोनों मिलकर ग्लोबल मार्केट पर कब्जा कर सकते हैं।
सीटीसीआई कॉरपोरेशन के वाइस चेयरमैन जॉन एच लिन ने कहा कि ताईवान दुनिया को 80 फीसदी आईटी हार्डवेयर सप्लाई कर रहा है। सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में पंजाब मजबूत है, दोनों मिलकर काम कर सकते हैं। ताईवान के दल ने साइकिल एवं ऑटो पार्ट में निवेश में दिलचस्पी दिखाई।