पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने भारत बंद के चलते आठ दिसंबर से होने वाली बोर्ड कक्षाओं की अनुपूरक परीक्षा के शेड्यूल में बदलाव किया है। हालांकि सिर्फ एक पेपर में ही बदलाव किया गया। अब आठ तारीख को होने वाला पेपर 12 दिसंबर को होगा। जबकि परीक्षाएं नौ तारीख से शुरू होकर 12 दिसंबर तक चलेगी।
हालांकि बोर्ड ने परीक्षा के शेडयूल में बदलाव को प्रबंधकीय कारण बताया है। किसी को भी अलग तौर पर इस संबंध में जानकारी नहीं भेजी गई है। बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक जनक राज महरोक ने बताया कि अक्तूबर 2020 की अनुपूरक परीक्षा के दौरान प्रबंधकीय कारणों के चलते परीक्षा नहीं दे पाए छात्रों के लिए परीक्षा आठ दिसंबर से करवाई जा रही है। लेकिन प्रबंधकीय कारणों के चलते परीक्षा के शेड्यूल में बदलाव किया गया है।
अब आठ दिसंबर को होने वाली परीक्षा 12 दिंसबर को होगी। जबकि शेष परीक्षाओं के शेडयूल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सभी परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर सवा दो बजे तक रखा गया है। शिक्षा बोर्ड के नियंत्रक ने बताया कि परीक्षा संबंधी इस बदलाव के बारे में अलग से किसी को फोन या मैसेज के माध्यम से सूचना नहीं दी गई है।
सारी जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई। वहीं, से छात्रों को जानकारी हासिल करनी होगी। अधिक जानकारी के लिए लोगों को बोर्ड की वेबसाइट
www.pseb.ac.in पर लॉगिन करना होगा। बता दें कि कोरोना के चलते बोर्ड ने सारी प्रक्रिया ऑनलाइन कर रखी है।