सामने आया है कि मानसा निवासी अमृतपाल अपने सहपाठी कोटड़ा निवासी हरप्रीत से रविवार को कोटड़ा में मिलने आया था। जिसके बाद सोमवार बाद दोपहर दोनों दोस्त बाइक पर सवार होकर कोटड़ा से रोड़ी में सुरेन्द्र के घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि हरप्रीत और रोड़ी निवासी सुरेन्द्र दोनों की दोस्ती थी।
जबकि अमृतपाल हरप्रीत के साथ पहली बार सुरेंद्र के घर रोड़ी आया था। जहां दोनों शाम वापस जाने की बजाए सुरेन्द्र के घर ही सो गए। वहीं अमृतपाल और हरप्रीत की तलाश में जब दोनों के पिता रोड़ी पहुंचे तो उन्होंने सुरेन्द्र के घर के बाहर बाइक खड़ी देखकर दरवाजा खुलवाकर दोनों युवकों के बारे में पूछा तो सुरेन्द्र ने आनाकानी शुरू कर दी।
जब सुरेंद्र के घर की तलाशी ली और बाहर से बंद एक कमरे को खोलकर देखा तो दोनों बेड पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। दोनों के पास सीरिंज भी पड़ी हुई थी। दोनों युवकों को जब सरदूलगढ़ के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया तो उन्हें चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद मृतकों के परिजनों ने रोड़ी थाना में शिकायत दर्ज करवाई।
अमृतपाल के पिता एसआई सुरेन्द्र पाल सिंह और हरप्रीत के पिता हरबंस सिंह दोनों ने रोड़ी निवासी सुरेन्द्र पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दोनों युवकों को सुरेंद्र ने नशे की ओवरडोज दी। जिसके कारण दोनों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज करते हुए आरोपी सुरेंद्र के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मृतक दोनों अविवाहित थे। अमृतपाल कनाडा जाने का इच्छुक था तो वहीं हरप्रीत न्यूजीलैंड जाने का इच्छुक था। दोनों ने विदेश जाने के लिए अपनी फाइलें लगा रखी थी।
पुलिस ने मृतक अमृतपाल के पिता सुरेन्द्र पाल सिंह के बयान पर रोड़ी निवासी सुरेन्द्र और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। युवकों की मौत नशे की ऑवरडोज के कारण होना सामने आ रहा है। शवों को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपित सुरेन्द्र की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा ये भी जांच की जा रही है कि आरोपित सुरेन्द्र के साथ इस मामले में कौन-कौन संलिप्त थे। - जगदीश जोशी, एसएचओ (रोड़ी)