पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अंतरमंत्रालयी केंद्रीय टीम (आईएमसीटी) द्वारा बाढ़ की स्थिति का मौके पर ही मूल्यांकन करने के लिए चिह्नित किए राज्यों में पंजाब को भी तुरंत शामिल करने की मांग की है।
केंद्र सरकार ने 11 राज्यों की सूची तैयार की है, जहां केंद्रीय टीम द्वारा बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया जाना है लेकिन इस सूची में पंजाब का नाम शामिल नहीं किया गया है, जबकि राज्य में मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में भारी बाढ़ आई हुई है।
कैप्टन ने यह भी बताया कि उन्होंने पंजाब में बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर 1000 करोड़ के विशेष बाढ़ राहत पैकेज की मांग पहले ही की है। प्रारंभिक अनुमानों के मुताबिक राज्य को बाढ़ से लगभग 1700 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से अपील की कि मौजूदा फसलीय सीजन में बाढ़ प्रभावित गांवों के किसानों की ओर से बैंकों /वित्तीय संस्थाओं से लिए फसली ऋण को माफ करने के लिए वह संबंधित अथॉरिटी को हिदायतें जारी करें।
कैप्टन ने ट्वीट कर लोगों से मांगी आर्थिक मदद
शनिवार को कैप्टन ने ट्वीट करके पंजाब में बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए लोगों को राज्य सरकार से कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सहायता करने वाले लोग पंजाब स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के खाता नंबर 001934001000589 और आईएफएससी - UTIB0PSCB01 के जरिये अपना योगदान दे सकते हैं।