पंजाब की पहली स्मार्ट रोड औद्योगिक नगरी लुधियाना में बनाई जाएगी। लुधियाना की मल्हार रोड के हिस्से को विश्वस्तरीय मानकों के तौर पर विकसित किया जाएगा। यह स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का हिस्सा होगा।
स्थानीय निकाय विभाग ने अब स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अलग-अलग हिस्सों पर काम करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में लुधियाना में एक मॉडल के तौर पर स्मार्ट रोड का विकास किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक मल्हार रोड के 1.13 किलोमीटर के हिस्से को स्मार्ट रोड के तौर पर विकसित किया जाएगा। इस पर करीब 24 करोड़ रुपये की लागत आएगी। स्मार्ट रोड के लिए सड़क पर लगीं बिजली की तारें हटा कर उन्हें अंडरग्राउंड किया जाएगा। सभी खंभे हटा दिए जाएंगे।
पानी, सीवरेज के पाइप अंडरग्राउंड किए जाएंगे। सड़क के साथ-साथ डिवाइडर भी विकसित किया जाएगा। सड़क के दोनों तरफ विदेशों की तरह फुटपाथ का विकास किया जाएगा जहां बैठने के लिए विशेष बेंच लगाई जाएंगी। सड़क के दोनों तरफ ग्रीन बेल्ट का भी विकास किया जाएगा।