मध्य प्रदेश में आंदोलनकारी किसानों पर पुलिस फायरिंग के दौरान पांच किसानों की मौत को लेकर पंजाब केकिसान संगठन भी आंदोलन करेंगे। इस कड़ी में सोमवार को जिला व तहसील स्तर पर धरने दिए जाएंगे, जबकि, 16 जून को राष्ट्रव्यापी आंदोलन के दौरान तीन घंटे सभी हाईवे जाम किए जाएंगे।
पंजाब केसात किसान संगठन किसानों की मौत और कर्ज माफी केमुद्दे पर सोमवार को सभी जिला मुख्यालयों पर धरने देंगे। दोपहर बारह से शाम चार बजे तक धरने केबाद डिप्टी कमिश्नरों को पीएम और सीएम को संबोधित ज्ञापन दिए जाएंगे। वहीं, भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) तहसील स्तर पर मौन जलूस निकालेगी। किसान काली पट्टियां बांधकर और तख्तियां लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन करेंगे।
संगठन प्रधान बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि पहले सभी संगठनों ने अलग-अलग प्रदर्शन का एलान कर दिया था। इसलिए सोमवार को वह अपना प्रदर्शन करेंगे और दूसरे संगठन अपना। लेकिन शनिवार को दिल्ली में देश भर के किसानों संगठनों की बैठक हुई जिसमें फैसला किया गया कि भविष्य में सभी संगठन एकजुट होकर आंदोलन करेंगे।
इस कड़ी में 16 जून को पंजाब के सभी संगठन मिल कर दोपहर बारह से तीन बजे तक सूबे के सभी हाईवे जाम करेंगे। उसके बाद आगे की रणनीति तय करने को 19 जून को दिल्ली में फिर बैठक बुलाई गई है।