चंडीगढ़। यूटी प्रशासन ने पंजाब से अब 1000 अतिरिक्त सीएनजी ऑटो को चंडीगढ़ में चलाने की अनुमति दे दी है। हालांकि, इसमें एक शर्त जोड़ी गई है। पंजाब को भी चंडीगढ़ के ऑटो को मोहाली या पंजाब के अन्य स्थानों पर चलने की अनुमति देनी होगी। मंगलवार को एडवाइजर मनोज परिदा की अध्यक्षता में पंजाब, हरियाणा व यूटी के अधिकारियों की मीटिंग हुई, जिसमें अधिकांश मसलों पर सहमति बन गई है।
तीनों राज्यों के ट्रांसपोर्ट मामलों को लेकर हुई बैठक में चंडीगढ़ प्रशासन ने हरियाणा सरकार को पंचकूला में सीएनजी पंप खोलने की सिफारिश भी की है ताकि चंडीगढ़ के सीएनजी पंपों पर से भीड़ को कम किया जा सके। पंजाब सरकार ने भी यूटी के उस प्रस्ताव पर सहमति दे दी, जिसमें चंडीगढ़ की स्कूल बसों को मोहाली की बजाय पूरे मोहाली जिले में जाने की परमिशन देने को कहा गया था।
ओला व उबर कैब के एंट्री फीस के मसले को सुलझाने और सड़कों पर इनकी स्पीड लिमिट तय करने को लेकर भी डायरेक्टर लेवल पर कमेटी बनाने पर रजामंदी बनी है। बैठक में तीनों राज्यों के अधिकारियों के बीच ट्राइसिटी की सरकारी बसों में स्टेट रोड टैक्स में छूट का मुद्दा भी उठा। पंजाब व हरियाणा, यूटी के प्रस्ताव पर सहमत दिखे।
यूटी पंजाब व हरियाणा की बसों से काफी समय पहले से ही रोड टैक्स चार्ज नहीं कर रहा, लेकिन हरियाणा यूटी की बसों से हरियाणा में संचालन पर रोड टैक्स वसूल रहा था।