पंजाब में गुरुवार को 184 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया, जबकि 429 की हालत गंभीर बनी हुई है। 8494 संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। अब तक राज्य में 11297 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। पंजाब के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में अब तक 8001745 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं, जिनमें 475949 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।
अच्छी बात यह है कि 384702 संक्रमित स्वास्थ्य लाभ लेकर ठीक हो चुके हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 79950 पहुंच चुकी है। 9619 संक्रमितों को सांस लेने में परेशानी होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। गुरुवार को अमृतसर में 10, बरनाला में 1, बठिंडा में 12, फरीदकोट में 4, फाजिल्का में 10, फिरोजपुर में 8, फतेहगढ़ साहिब में 4, गुरदासपुर में 8, होशियारपुर में 5, जालंधर में 10, लुधियाना में 25, कपूरथला में 6, मानसा में 2, मोगा में 1, मोहाली में 8, मुक्तसर में 15, पठानकोट में 5, पटियाला में 17, रोपड़ में 6, संगरूर में 23 और तरनतारन में 4 मौते हुई हैं।
पंजाब को अन्य राज्यों की तुलना में कम दी जा रही है वैक्सीन: स्वास्थ्य मंत्री
पंजाब को पीएम केयर फंड के तहत मिले वेंटिलेटर खराब होने का मामला गर्माया हुआ है। इस मामले पर जब चप्पड़चिड़ी में स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू से सवाल किया तो उनका जवाब था कि वेंटिलेटर केंद्र सरकार की तरफ से सप्लाई किए गए हैं। इस संबंध में पड़ताल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की गई है कि खराब वेंटिलेटर सप्लाई करने वाली कंपनी की पड़ताल कर उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब को अन्य राज्यों की अपेक्षा कम वैक्सीन दी जा रही है। यह मामला केंद्र के सामने उठाकर पंजाब को अन्य राज्यों की तरह वैक्सीन मुहैया करवाने की अपील की है। जिससे इस महामारी को मात दी जा सके।