पंजाब सरकार ने कोविड-19 टीका लगवाने वाले लोगों को जारी किए जाने वाले वैक्सीन प्रमाणपत्रों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटा दी है। झारखंड और छत्तीसगढ़ के बाद ऐसा करने वाला पंजाब तीसरा राज्य है।
पंजाब स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की ओर से जारी किए जा रहे कोविड-19 टीकाकरण प्रमाणपत्र पर अब केवल मिशन फतेह का लोगो लगा है। जानकारी के अनुसार पंजाब सरकार ने यह कदम कई राजनीतिक नेताओं के द्वारा प्रमाणपत्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को लेकर जताए गए एतराज और तस्वीर हटाने की मांग के बाद उठाया है।
केंद्र सरकार से वैक्सीन की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता नहीं होने के कारण पंजाब सरकार को विभिन्न निर्माताओं से सीधे वैक्सीन खरीदनी की संभावनाओं को तलाशना पड़ रहा है। हालांकि अमेरिकी कंपनी मोडर्ना और फाइजर ने पंजाब को सीधे कोरोना का टीका देने से इनकार कर दिया है।
उधर, टीकाकरण में केंद्र से अपेक्षित सहयोग न मिलने को भी प्रमाणपत्र से फोटो हटाने की एक वजह माना जा रहा है। पंजाब में 18 से 45 वर्ष के आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण के दौरान जारी किए जा रहे वैक्सीन प्रमाण पत्रों पर अब प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर नहीं है।
कोरोना से अब तक 13827 मौतें
पंजाब में कोरोना संक्रमण से अब तक 13827 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। हालांकि पंजाब में संक्रमण की दर में काफी सुधार हो रहा है। राज्य में 13 प्रतिशत से संक्रमण दर गिरकर 5.44 प्रतिशत पर आ गई है। सक्रिय मामले में भी लगातार गिरावट आ रही है। वर्तमान में 50549 सक्रिय मामले हैं।
कोरोना से 186 की मौत, 4124 मिले संक्रमित
पंजाब में बुधवार को हुई 186 मौतों में अमृतसर में 14, बरनाला में 8, बठिंडा में 14, फतेहगढ़ साहिब में 3, फाजिल्का में 14, फिरोजपुर में 5, गुरदासपुर में 8, होशियारपुर में 6, जालंधर में 11, कपूरथला में 5, लुधियाना में 20, मानसा में 6, मोगा में 4, मोहाली में 7, मुक्तसर में 10, पठानकोट में 10, पटियाला में 20, रोपड़ में 1, संगरूर में 15 और तरनतारन में 5 शामिल हैं। 4124 लोग नए पॉजिटिव मिले हैं।