बठिंडा जिले के गांव रामसरा निवासी गाड़ी मालिक कंवलजीत सिंह को थाना रामां के प्रभारी संजीव कुमार ने धमकी दी कि अगर वह थाने में हाजिर नहीं हुआ तो उसे गैंगस्टर बताकर फर्जी एनकाउंटर में मार देगा। आरोप है कि थाना प्रभारी ने कहा कि इसके लिए वह अपनी नौकरी दांव पर लगाने से भी नहीं हिचकेगा। कंवलजीत सिंह ने थाना प्रभारी की ओर से दी गई कथित धमकी की एक ऑडियो रिकार्डिंग भी मीडिया के सामने पेश की ।
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कंवलजीत सिंह और उसके पिता पूर्व फौजी गुरजंट सिंह ने बताया कि उनके पास कुछ गाड़ियां हैं। ये गाड़ियां फरवरी 2017 से ट्रांसपोर्टर जगतार सिंह के जरिये रिफाइनरी में चल रही थीं । उन्हें जगतार सिंह से करीब दो लाख अस्सी हजार रुपये लेने हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रुपये मांगने पर जगतार और उसके भाई रछपाल ने पिता-पुत्र को परेशान करने के लिए थाना रामां के प्रभारी संजीव कुमार के जरिये अपनी गाड़ी के एक ड्राइवर को अगवा करने का केस डालने की धमकी देनी शुरू कर दी। जब उसने धमकी का विरोध किया तो पुलिस ने उनके घर पर छापामारी करनी शुरू कर दी ।
कंवलजीत के अनुसार शुक्रवार को भी थाना रामां प्रभारी ने पुलिस के साथ उसके घर छापा मारा। वह पुलिस डर से घर छोड़ गया। कंवलजीत ने बताया कि घर में बुजुर्ग माता हैं, वह दिल की मरीज हैं। पुलिस के डर से उनको अटैक हो गया। पूर्व फौजी ने आरोप लगाया कि उन्होंने इस बाबत रिफाइनरी पुलिस चौकी को थाना प्रभारी व ट्रांसपोर्टर के खिलाफ शिकायत दी, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पांच मिनट में हाजिर न हुआ तो...
Firing
- फोटो : Demo Photo
पिता-पुत्र ने बताया कि गांव वालों के साथ वे दोनों शनिवार को एसएसपी से मिलने बठिंडा पहुंचे। एसएसपी नहीं मिले पर उन्होंने अपनी शिकायत बाक्स में डाल दी। इन्होंने चेतावनी दी कि अगर थाना रामां प्रभारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई गांव के लोग बडे़ स्तर पर पुलिस के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेंगे।
पांच मिनट में हाजिर न हुआ तो
कंवलजीत ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को उसके पास थाना रामां प्रभारी संजीव कुमार का फोन आया। थाना प्रभारी ने उसे धमकाया कि अगर तूं पांच मिनट में पुलिस चौकी में हाजिर नहीं हुआ तो मैं अपनी नौकरी दांव पर लगाकर तुम्हारा ऐसा हश्र करूंगा कि परिवार याद रखेगा। थाना प्रभारी ने उसे फर्जी गैंगस्टर बनाकर एनकाउंटर में मारने तक की धमकी दी।
अगवा की शिकायत पर मारे छापे: थाना प्रभारी
इस संबंध में थाना रामां प्रभारी संजीव कुमार का कहना है कि उनके पास कंवलजीत के खिलाफ एक गाड़ी समेत ड्राइवर को अगवा करने की शिकायत आई थी, जिसके आधार पर उन्होंने कंवलजीत के घर छापामारी की और फोन कर उसे चौकी में हाजिर होने के लिए कहा था। जब थाना प्रभारी से धमकी देने संबंधी पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह तो पुलिस का काम है। अगर वह ऐसा नही करेंगे तो क्रिमिनल को कैसे सुधारेंगे। वहीं एसएसपी नवीन सिंगला का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, परंतु उन्होंने नहीं उठाया।