तरनतारन में ब्लास्ट करके पूरे पंजाब को दहलाने की साजिश रची गई थी। खाली प्लॉट में धमाके के मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। खडूर साहिब संपर्क मार्ग पर स्थित गांव कलेर के समीप खाली प्लॉट में धमाका हुआ था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोग पट्टी, गुरदासपुर और अमृतसर के रहने वाले हैं।
इन लोगों से अब तक हुई पूछताछ में यह बात सामने आई है कि वह सार्वजनिक स्थल पर धमाका करने की फिराक में थे। हालांकि अभी पुलिस अधिकारी इस मामले की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। लेकिन अब तक हुई जांच में पुलिस करीब 32 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है। मामले की जांच आगे बढ़ी तो मंगलवार को छह अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि धमाके के साथ इन लोगों के सीधे तार जुड़े हैं।