हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार।
चंडीगढ़। सेक्टर-7 व 26 के लाइट प्वाइंट पर बीते सोमवार शाम खड़ी चंडीगढ़ नंबर की आई-20 कार को पंजाब पुलिस की जिस्पी ने बुरी तरह टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार सेक्टर-26 निवासी अक्षय दुग्गल, उनकी मां, भाई और पत्नी को काफी चोटें आईं। वहीं, पुलिस जिप्सी में सवार दो लोगों के भी सिर और जबड़े में चोटें आईं हैं। पीड़ित कार चालक का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में अब तक आरोपी जिप्सी चालक को गिरफ्तार नहीं किया है। वहीं दूसरी ओर, सेक्टर 26 थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279 और 337 के तहत केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के शिनाख्त करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, शिकायतकर्ता का दावा है कि पुलिस किसी और व्यक्ति को जिप्सी चालक बता रही है, जबकि हादसे के वक्त एक युवक जिप्सी चला रहा था लेकिन पुलिस ने शिकायतकर्ता के इस आरोप को खारिज किया है। अब पुलिस शिकायतकर्ता को घटना स्थल की सीसीटीवी फुटेज की फोटो दिखाकर आरोपी की औपचारिक गिरफ्तारी करेगी। हालांकि मामले में जमानती धाराएं हैं।
शिकायतकर्ता अक्षय दुग्गल के मुताबिक, हादसे वाली शाम को वह परिवार समेत सुखना लेक पर घूमने जा रहे थे। कार को वह खुद चला रहे थे जबकि उनकी मां बगल वाली सीट पर बैठी थीं। भाई और पत्नी पीछे की सीट पर थे। शाम लगभग छह बजे सेक्टर-26 के खालसा कॉलेज फ्लाइट प्वाइंट के पास लाल बत्ती होने पर गाड़ी रोककर वह हरी बत्ती का इंतजार करने लगे। इतने में पीछे से आई तेज रफ्तार जिप्सी ने उनकी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके समेत परिवार के सभी लोग घायल हो गए। उनकी मां अब तक सदमे में हैं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, जिप्पी चला रहे युवक का जबड़ा फट गया और उसके साथ बैठे एक अन्य व्यक्ति के सिर में भी चोट आई लेकिन अब पुलिस किसी और को जिप्सी चालक बता रही है। सेक्टर-26 थाना पुलिस के मुताबिक, पुलिस जिप्सी पंजाब पुलिस के एक रिटायर्ड एडीजीपी का गनमैन चला रहा था। रिटायर्ड एडीजीपी चंडीगढ़ के सेक्टर-20 में रहते हैं। घटना के समय एडीजीपी गाड़ी में नहीं थे। आरोपी कॉन्स्टेबल एडीजीपी की गारद में है। उधर, शिकायतकर्ता ने मामले में उचित पुलिस कार्रवाई के लिए चंडीगढ़ पुलिस के आला अधिकारियों को ईमेल के जरिए भी अपनी शिकायत दर्ज करवाई है।