चंडीगढ़। सेक्टर-22 में सनबीम होटल के सामने हुई सागर (20) की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को पंजाब पुलिस के सिपाही दिलावर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। बनूड़ निवासी दिलावर पर हत्यारोपियों को पनाह देने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद शाम को पुलिस ने जीएमएसएच-16 में दिलावर का मेडिकल कराया। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले में पुलिस को अभी दो और आरोपियों की तलाश है।
सेक्टर-17 थाना प्रभारी ओम प्रकाश का कहना है कि दिलावर सिंह ने पकड़े गए चारों आरोपियों को अपने घर पर पनाह दी थी। घटना के बाद आरोपी सीधे बनूड़ स्थित दिलावर सिंह के घर पहुंचे थे। सागर के दोस्त और परिजनों ने वारदात के बाद दिलावर सिंह के हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया था। परिजनों का आरोप है कि वारदात के समय दिलावर हत्यारों के साथ था। मामले में दिलावर सिंह का नाम न देख परिजनों ने सोमवार को थाने के बाहर प्रदर्शन किया था। उसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की। उधर, पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या में चंडीगढ़ पुलिस के एक सिपाही भूमिका भी सामने आई है। वारदात के समय सिपाही आरोपियों के साथ में ही देखा गया है। पुलिस इस मामले में भी जांच कर रही है।
बॉक्स
आप नेता नेहा मुसावत पहुंचीं थाने
आम आदमी पार्टी की पार्षद नेहा मुसावत दिलावर सिंह की जानकार हैं। मंगलवार दोपहर में नेहा मुसावत सेक्टर-17 थाने में दिलावर सिंह से मिलने पहुंचीं। पुलिस के अनुसार, दिलावर सिंह एक सामाजिक संगठन के पदाधिकारी की सुरक्षा में तैनात था। उसकी पटियाला में पोस्टिंग थी।
बॉक्स
यह था मामला
रविवार तड़के साढ़े चार बजे छह लोग वैगनआर गाड़ी से सेक्टर-22 में कुछ खाने आए थे। उसके बाद गलत दिशा से मुख्य सड़क पर बस स्टैंड चौक की तरफ जाने लगे। सामने से सागर की गाड़ी आ रही थी। सागर आई-10 गाड़ी में था और उसके साथ चार-पांच दोस्त थे जो बस स्टैंड चौक से क्रिकेट स्टेडियम चौक की तरफ जा रहे थे। होटल सनबीम के सामने दोनों की गाड़ी आमने-सामने आ गई। सागर व उसके दोस्तों ने गाड़ी साइड करने को कहा लेकिन आरोपी नहीं माने। इस पर दोनों गुटों में बहस हो गई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच आरोपियों ने चाकू से गोदकर सागर की हत्या कर दी। इस मामले में अपराध शाखा ने हल्लोमाजरा दीप कांप्लेक्स निवासी सगे भाई मोनू व सोनू जसवाल, हल्लोमाजरा निवासी क्षितिज और रामदरबार निवासी सूरज को बनूड़ से गिरफ्तार किया था।