पंजाब की सुरक्षा अब और भी मजबूत हो जाएगी, क्योंकि विभाग को 5581 नए जवान मिलने जा रहे हैं। इनमें 891 महिलाएं भी शामिल हैं। इससे अब आपराधिक किस्म के लोगों पर भी आसानी से शिकंजा कसा जा सकेगा। इसके अलावा अब पुलिस पर वीवीआईपी डयूटी से थोड़ी राहत मिलेगी। यह संभव होने जा रहा है पंजाब पुलिस को मिलने वाले नए 5581 जवानों से। जिन्हें रविवार को डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल नियुक्ति पत्र देंगे।
यह जानकारी अतिरिक्त डायरेक्टर जनरल पुलिस प्रशसन दिनकर गुप्ता ने दी। वह इस दौरान सेक्टर-65 स्थित एसी सब्जी मंडी में पहुंचे हुए थे। जहां पर इस संबंधी रविवार को समागम करवाया जाएगा। अतिरिक्त डायरेक्टर जनरल पुलिस ने बताया कि उप मुख्यमंत्री द्वारा 4690 भरती हुए पुरुष जवानों व 891 महिला सिपाहियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
समागम में डायरेक्टर जनरल पुलिस सुरेश अरोड़ा समेत पुलिस के अन्य सीनियर अधिकारी भी हाजिर रहेंगे। दिनकर गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम को कामयाब बनाने के लिए अधिकारियों की डयूटियां लगाई हैं। ताकि नियुक्ति पत्र समागम में किसी भी प्रकार की कोई और दिक्कत न आए।
इस मौके आईजी हेड क्वार्टर आर एन ढोके, आईजी आईआरबी परमजीत सिंह गरेवाल, डीआईजी रूपनगर रेंज गुरशन सिंह संधू, एसएसपी मोहाली गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एसपी हेडक्वार्टर जगजीत सिंह जल्ला, एसपी सिटी परमिंदर सिंह भंडल, एसपी गुरशरन सिंह गरेवाल, एसपी स्पेशल ब्रांच मोहाली राजिंदर सिंह सोहल, एसपी हरवीर सिंह अटवाल, डीएसपी आलम विजय सिंह, डीएसपी ट्रैफिक अमरोज सिंह समेत कई पुलिस अधिकार हाजिर थे।