पंजाब के पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी।
- फोटो : फाइल फोटो
29 साल पुराने आईएएस के बेटे बलवंत सिंह मुल्तानी के अपहरण और हत्या के मामले में पंजाब पुलिस के पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी से सोमवार को मटौर थाने में पुलिस ने छह घंटे पूछताछ की थी। इसके बावजूद एसआईटी पूर्व डीजीपी सैनी के जवाबों सें संतुष्ट नहीं है। अब बुधवार को एसआईटी दोबारा पूछताछ करेगी।
एसआईटी ने सैनी को मंगलवार को नया नोटिस भेजा है। नोटिस की कॉपी उन्हें मेल, व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से भेजने के साथ ही उनकी कोठी पर चिपका दी गई है। इस नोटिस में सैनी को बुधवार सुबह 11 बजे मटौर थाने में एसआईटी के सामने पेश होने का आदेश दिया गया है।
सोमवार को पूर्व डीजीपी सैनी से छह घंटे पूछताछ के दौरान एसआईटी की ओर से किए गए सभी सवाल उन लोगों के बयान पर आधारित थे, जो मामले में सरकारी गवाह बन गए थे लेकिन मामला पुराना होने के चलते कई सवाल तो सैनी के लिए भी चौंकाने वाले थे। हालांकि सैनी ने एसआईटी के सामने साफ किया था कि वह इस मामले में शामिल नहीं हैं। उन पर जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
वहीं, जांच के समय उनके वकील भी थाने में मौजूद थे लेकिन जिस कमरे में सैनी से पूछताछ की गई, उसमें वह साथ नहीं जा पाए थे। हालांकि इस पूछताछ के बाद यह साफ हो गया था कि एसआईटी सैनी से दोबारा पूछताछ करेगी। वहीं, जानकारों की मानें तो अब पुलिस की ओर से सैनी पर पूरा शिकंजा कसा जा रहा है। उन पर सोमवार को बेअदबी कांड में भी केस दर्ज हो गया है। हालांकि अभी पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकती।
सैनी की सुरक्षा रहेगी सख्त
पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है लेकिन जब भी उन्हें जांच के लिए बुलाया जाता है, उस समय थाने के रूट और अन्य इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया जाता है। इतना ही नहीं कई थानों की पुलिस स्टैंड बाई में रहती है। इसके पीछे सैनी की सुरक्षा ही है। भले ही सैनी पंजाब पुलिस से रिटायर्ड हो चुके हैं लेकिन अब भी वह कई मामलों की कमेटियों के प्रधान पद पर काबिज हैं। उनका पुराना रसूख बना हुआ है।
इसे भी देखें: हमारे चैनल को सब्सक्राइब भी करें-