फरीदकोट में एक बार फिर से कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के पास आई रिपोर्ट में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चार डॉक्टर पॉजिटिव मिले है। इसके अलावा बालाजी कालोनी का 37 वर्षीय युवक और कोटकपूरा की धन्ना बस्ती का 10 वर्षीय बालक भी संक्रमित मिला है।
इससे पहले भी मेडिकल के हड्डी रोग विभाग के 10 डॉक्टर व एक पुरुष स्टाफ नर्स संक्रमित मिल चुके हैं। बुधवार को संक्रमित मिले डॉक्टरों में दो हड्डी रोग विभाग और एनीथिसिया व एक आपातकालीन विभाग के हैं। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार व मीडिया इंचार्ज डॉ. प्रभदीप सिंह चावला ने बताया कि बुधवार को जिले के छह मरीजों को ठीक हो जाने के बाद डिस्चार्ज किया गया और अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 174 हो चुकी है, जिनमें से 125 ठीक हो चुके हैं।
फाजिल्का में दो पुलिस कर्मचारियों समेत तीन पॉजिटिव
फाजिल्का में बुधवार को आई रिपोर्ट में दो पुलिस कर्मचारियों समेत तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इन तीनों को कोविड केयर सेंटर जलालाबाद भेज दिया है। जिला सिविल सर्जन डॉ. चंद्रमोहन कटारिया ने बताया कि अबोहर के नई अबादी गली नं. 14 निवासी करीब 40 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित मिला है। इनका कोई यात्रा इतिहास भी नहीं है।
बल्लूआना हलके के गांव धोरा मेहराजपुरा व फाजिल्का के गांव सजराना निवासी दो पुलिस कर्मचारी भी पॉजिटिव आए हैं। यह दोनों कर्मचारी पटियाला में तैनात हैं। इधर अबोहर निवासी जो व्यक्ति पॉजिटिव आया है उसी गली निवासी एक महिला पुरुष पहले भी पॉजिटिव आ चुके हैं। पुलिस प्रशासन ने उक्त गली को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग पूरी गली में लोगों के सैंपल ले रहा है।
होशियारपुर में पांच नए पॉजिटिव केस आने से कोरोना वायरस से प्रभावित मरीजों की संख्या 215 हो गई है। नए मरीजों में दो पुलिसकर्मी, विदेश से लौटे एक व्यक्ति के अलावा एक महिला व एक अन्य व्यक्ति शामिल है। सिविल सर्जन डॉ. जसवीर सिंह ने बताया कि जिले से संबंधित सीह गांव की 31 वर्षीय महिला और एक व्यक्ति पीएचसी हाजीपुर के अधीन एक गांव निवासी, विदेश से आए युवक के अलावा दो पुलिस कर्मचारी और एक व्यक्ति पीएचसी चक्कोवाल का पॉजिटिव आया है। इन पांच व्यक्तियों के साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 215 हो गई है।
पठानकोट के मरीज की पीजीआई में मौत, सात नए मामले
पठानकोट में मंगलवार देर रात और बुधवार सुबह कोरोना के सात नए मामले सामने आए। वहीं, एक व्यक्ति की पीजीआई में मौत हो गई। पुष्टि सिविल सर्जन डॉक्टर भूपिंद्र सिंह ने की। उन्होंने बताया कि अमृतसर से आई 233 रिपोर्ट्स में 227 निगेटिव मिले हैं। इनमें छह पॉजिटिव केस सामने आए। वहीं मंगलवार रात को आई रिपोर्ट में एक केस सामने आया है।
बता दें कि मंगलवार देर रात कोरोना की चपेट में आने से 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसका इलाज चंडीगढ़ के पीजीआई में चल रहा था। बता दें कि पठानकोट में कोरोना की चपेट आकर जान गवांने वालों की संख्या नौ हो गई है। बुधवार को पॉजिटिव पाए छह लोगों में से तीन फ्रेंड्स कॉलोनी 2 न्यू शास्त्री नगर तथा 1 परमानंद से है। सिविल सर्जन डॉ. भूपिंद्र सिंह ने बताया कि पठानकोट में कुल 63 मामलों में से 221 लोग ठीक हो चुके हैं। नौ की मौत हुई। जबकि 33 का इलाज चल रहा है।
जालंधर में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को जिले में डीएसपी फिल्लौर और आरटीए के आठ मुलाजिमों समेत संक्रमण के 96 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 1433 तक जा पहुंची। सेक्रेटरी आरटीए बरजिंदर सिंह के बाद आरटीए दफ्तर की सेक्शन अफसर, सेवादार, चालान काउंटर का कर्मी व बाकी क्लर्कों के साथ आठ कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं।
आरटीए दफ्तर गुरुवार से खुलना है लेकिन ज्यादातर कर्मचारियों के पॉजिटिव आने के बाद कामकाज शुरू होना मुश्किल नजर आ रहा है।
वहीं एक परिवार तो कोरोना संक्रमण के कारण फ्लाइट से वंचित हो गया। परिवार को बुधवार रात को अमृतसर से दुबई की फ्लाइट लेनी थी लेकिन उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। जिस कारण उनको आइसोलेट कर दिया गया है।
अवतार नगर की गली नंबर तीन के रहने वाले एक युवक, उसकी पत्नी और आठ साल की बेटी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह परिवार मार्च में परिवार के साथ दुबई से भारत एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। शादी के बाद उसकी कुछ ही दिनों बाद दुबई की वापसी थी लेकिन लॉकडाउन व कर्फ्यू के कारण वह जा नहीं सका।
युवक ने दूतावास में काफी ईमेल की, जिसके बाद उसे हाल ही में दुबई जाने की इजाजत मिल गई। बुधवार रात को उसकी अमृतसर से दुबई की फ्लाइट थी। नियमानुसार जहाज में बैठने से पहले यात्री के पास 72 घंटे पुरानी कोरोना रिपोर्ट चाहिए होती है। इसके चलते युवक ने पत्नी, बेटी और अपना कोरोना टेस्ट सीएमसी लुधियाना से करवाया था। बुधवार को तीनों की रिपोर्ट ही पॉजिटिव आ गई। अब इन तीनों को सिविल अस्पताल ले गए हैं और उन्हें 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया गया है। युवक और उसकी पत्नी दुबई में कई वर्षों से नौकरी कर रहे हैं और कोरोना के कारण परिवार बुधवार को दुबई नहीं जा पाया।
मलोह और मंडी गोबिंदगढ़ बने कंटेनमेंट जोन, पांच नये कोरोना केस
फतेहगढ़ साहिब में बढ़ रहे कोरोना के मामलों को लेकर डिप्टी कमिश्नर अमृत कौर गिल ने लोगों को एक बार फिर सतर्क किया है। डीसी ने कहा है कि जरूरी न हो तो घर से बाहर न जाएं, मुंह पर मास्क लगाकर रखें, हाथ साबुन या सैनिटाइजर से साफ रखें और दूरी बनाकर रखें। डीसी ने कहा कि कोरोना वायरस के ज्यादा केस आने के कारण सब डिविजन खमाणों का कस्बा संघोल कंटेनमेंट एरिया घोषित किया गया। अमलोह और मंडी गोबिंदगढ़ को कंटेनमेंट एरिया घोषित किया गया है। इससे पहले बस्सी पठाना भी कंटेनमेंट बनाया जा चुका है।
डीसी ने बताया कि बुधवार को भी फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद, मंडी गोबिंदगढ़ में कोरोना के पांच नये मामले सामने आए हैं। अब तक कोरोना वायरस संबंधी 13213 सैंपल लिए गए थे जिनमें से 178 पॉजिटिव और 12379 निगेटिव मिले हैं। जिले में अब 49 केस एक्टिव हैं, जबकि 127 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं। कोरोना से अब तक दो की मौत हो चुकी है।
थाना मल्लांवाला के एसएचओ, तीन गर्भवती महिलाओं, छह बीएसएफ जवानों समेत 19 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। थाने के 35 मुलाजिमों के सैंपल लिए जाएंगे। फिरोजपुर में कुल 188 कोरोना मरीज हैं। इनमें से 89 मामले एक्टिव हैं। इनका इलाज सिविल अस्पताल फिरोजपुर में चल रहा है।
थाना मल्लांवाला के एसएचओ कई दिनों से बीमार थे। इसके बावजूद वो थाने में कई घंटे बैठे रहते थे। इस दौरान थाने का कोई भी मुलाजिम मास्क नहीं पहने होता था। एसएचओ के थाने में आने-जाने के कारण कई लोग उनके संपर्क में आए हैं। स्वास्थ्य विभाग उन लोगों की पहचान कर रहा है जो एसएचओ के संपर्क में आए हैं।
बताया जा रहा है कि थाने में लगभग 35 मुलाजिम कार्यरत हैं। इन सब के सैंपल लिए जाएंगे। इसके अलावा तीन गर्भवती महिलाएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। इसी तरह ममदोट सेक्टर से सटी सरहद पर तैनात छह बीएसएफ जवान कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उक्त जवानों के संपर्क में आने वाले सभी जवानों व ग्रामीणों के सैंपल लिए जाएंगे।
पटियाला में कोरोना से एक की मौत, 36 नए केस मिले
पटियाला जिले में बुधवार को कोरोना से समाना के गांव बड़ैचा की रहने वाली एक 55 साल की महिला की मौत हो गई। यह महिला पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में उपचाराधीन थी। वहीं 36 नए कोविड पॉजिटिव केस भी सामने आए। जिससे जिले में पॉजिटिव केसों की गिनती 749 हो गई है।
मरने वाली महिला का गाइडलाइन के मुताबिक अंतिम संस्कार कराया गया है। इन 36 पॉजिटिव केसों में 12 पटियाला शहर से हैं, जबकि तीन नाभा, आठ राजपुरा, पांच समाना, एक पातड़ां और सात विभिन्न गांवों से हैं। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि आज जिले में विभिन्न जगहों से स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 758 सैंपल जुटाए हैं।