फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निकाय चुनावः जब अपने हुए पराए तो कौन जितवाए

Mon, 16 Feb 2015 01:14 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पंजाब में नगर निकाय चुनाव में प्रचार चरम पर पहुंच चुका है लेकिन सियासी दल अपने बागी उम्मीदवारों से जूझने को मजबूर हैं। नामांकन वापसी के बाद भी सभी पार्टियां बगावत रोकने में नाकाम रही हैं। अकाली दल को सबसे बड़ी चुनौती मोहाली और मोगा में मिल रही है।
विज्ञापन


मोहाली में टिकट वितरण हलका इंचार्ज बलवंत सिंह रामूवालिया की देखरेख में हुआ। इससे पूर्व काउंसिल प्रधान कुलवंत सिंह नाराज हो गए। पिछले साल फतेहगढ़ साहिब हलके से शिअद के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने वाले कुलवंत ने अकाली दल के समानांतर अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं।

पहले उन्होंने अपने गुट के 18 उम्मीदवार उतारे, जिनमें कई पूर्व पार्षद थे। फिर शिअद से नाराज होकर खड़े हुए अन्य लोगों को भी साथ ले लिया। अब कुलवंत गुट के चालीस लोग शिअद व भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ मैदान में हैं। मोगा में विधायक जोगिंदर पाल जैन और खेतीबाड़ी मंत्री तोता सिंह के बीच जंग छिड़ी हुई है।
विज्ञापन


यहां 24 वार्डों में जैन और नौ वार्डों में तोता सिंह ने टिकट दिए हैं। दोनों ने ही एक-दूसरे के वार्डों में अकालियों को उतार दिया है। यहां भी जंग अकाली बनाम अकाली हो गई है। यहां भाजपा को 17 वार्ड मिले हैं, उनके भी चार बागी मैदान में हैं। भाजपा बाकी जगह भी बगावत से जूझ रही है।

होशियारपुर में भाजपा के पास 33 वार्ड हैं, जिनमें से बारह वार्डों में बागी खड़े हैं। पठानकोट में शिअद-भाजपा के बीच सीटें तय नहीं हो सकीं। भाजपा तीन सीटें दे रही थी, पर शिअद के उम्मीदवार बारह वार्डों में खड़े हो गए हैं, इन वार्डों में भाजपा प्रत्याशी भी हैं।

इसके अलावा भाजपा के नौ बागी मैदान में हैं। बठिंडा में भाजपा से बागी होकर पांच प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। फगवाड़ा में भाजपा के कुछ वार्डों में अकाली आजाद खड़े हो गए हैं।

कांग्रेस की भी मुश्किलें बढ़ीं
कांग्रेस को सबसे ज्यादा बगावत पठानकोट में झेलनी पड़ रही है। यहां प्रदेश कमेटी द्वारा टिकट वितरण से नाराज होकर करीब बीस उम्मीदवारों ने पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ ही ताल ठोक दी है।

होशियारपुर में भी कांग्रेस के दो बागी खड़े हैं। फगवाड़ा में दो वार्डों के टिकट कटने से स्थानीय कांग्रेसी नाराज हैं। यहां बागी उम्मीदवार नहीं खड़े हुए, लेकिन अंदरखाते उम्मीदवारों को हराने की तैयारी है।

राजा जोशी पर हमले से भाजपाई नाराज
तरनतारन में बीते दिनों कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी के भाई पर अकालियों के हमले से भाजपा वर्कर खासे नाराज हैं। वर्करों का कहना है कि वह पहले से कह रहे थे कि अलग लड़ना चाहिए, पर प्रदेश नेतृत्व नहीं माना।

उन्हें इस बात से भी रोष है कि भाजपा के वार्डों में हर बार की तरह फिर अकाली आजाद खड़े हो गए हैं जबकि, पिछले दिनों हुई कॉर्डिनेशन मीटिंग में सीएम प्रकाश सिंह बादल ने इस बारे में भरोसा दिया था।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें