कैप्टन अमरिंदर सिंह (फाइल फोटो)
- फोटो : एएनआई
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने निकाय चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत को न सिर्फ अपनी सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों को जनता का समर्थन करार दिया, बल्कि विपक्षी दलों की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनादेश भी बताया। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान सुनील जाखड़ और पार्टी के सभी विधायकों, सदस्यों और कार्यकर्ताओं को इस बड़ी जीत की बधाई कैप्टन ने दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लोगों ने तीनों पार्टियों- शिअद, भाजपा और आप के विभाजनकारी, अलोकतांत्रिक, असंवैधानिक एजेंडे को पूरी तरह से रद्द कर दिया है। उन्होंने लोगों को इन नकारात्मक और बुरी ताकतों को हराने के लिए आभार जताया।
कैप्टन ने कहा कि कृषि कानूनों के बाद यह पहले बड़े चुनाव हैं। परिणामों ने लोगों में भाजपा के खिलाफ पनपे रोष को उजागर किया है। भाजपा अपने पूर्व सहयोगी शिरोमणि अकाली दल और दिल्ली में आम आदमी पार्टी की मिलीभगत से किसान विरोधी कानूनों को लागू करवाने के लिए जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि इन दलों ने पंजाब को तबाह करने के स्पष्ट मंसूबों के साथ किसानों के अधिकारों को कुचला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जब कांग्रेस के मुकाबले अकाली दल, आप और भाजपा कहीं आसपास भी नजर नहीं आईं और यहां तक कि कई वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवारों से भी पीछे रह गईं। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि पंजाब के शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं ने प्रशासन और प्रगति के हक में फैसला देते हुए स्पष्ट रूप में इन दलों की संकुचित राजनीतिक सोच को नकार दिया है।
विकास को मिला समर्थन : ब्रह्म मोहिंदरा
पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा ने कहा कि प्रदेश के मतदाताओं ने राज्य सरकार के व्यापक विकास कार्यों को देखते हुए नगर निगम, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवारों में विश्वास दिखाकर समर्थन दिया है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान अमन-कानून बनाए रखने के लिए उन्होंने पंजाब के मतदाताओं का धन्यवाद किया।
मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य के लोगों को शहरी सुविधाएं मुहैया करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है और विशेष तौर पर कोरोना महामारी के समय लगे लॉकडाउन के दौरान भी शहरी सुविधाओं को लोगों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की लोक समर्थक नीतियों को देखते हुए मतदाताओं ने हमारी सरकार में भरोसा जताया और इसको बरकरार रखा जायेगा।