मालेरकोटला में बुधवार को दोपहर उस समय तनावपूर्ण हो गया जब स्थानीय खन्ना रोड पर पशुवध के विरोध में लोग भड़क उठे।
गुस्साए लोगों ने सड़कों पर उतरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पूरा शहर बंद करवा दिया। देखते ही देखते पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे, जिन्होंने लोगों से शांत रहने की अपील की। प्रदर्शनकारी इस बात पर अड़े रहे कि गोहत्या के आरोपियों को तुरंत बेनकाब किया जाए। नाराज लोगों ने पूरे शहर में रोड मार्च किया और दुकानें बंद करवा दीं।
मालेरकोटला में पहले भी ऐसी घटनाएं हुई हैं लेकिन प्रशासन कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर पाया। इस मौके पर प्रदर्शनकारी अमन थापर, अंकु जख्मी, रमेश जैन, विजय ठाकुर, हितेश गुप्ता ने बताया कि मालेरकोटला में यह प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं किए जाएंगेे।
इस संबंध में डीएसपी विलियम जेजी ने बताया कि इस मामले में पुलिस जरूरी कार्रवाई कर रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। इसके बाद शाम को प्रदर्शनकारियों ने संगरूर-लुधियाना मुख्य र्हाईवे को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण दूसरे जिलों से भी पुलिस फोर्स को बुलाया जा रहा है।