चंडीगढ़। आईपीएल सीजन-2024 के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम के आखिरी मैच में लोकल बॉय शुभमन गिल बेहतरीन कप्तानी का नमूना पेश कर छा गए। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन ने पहले अपने गेंदबाजों से चक्रव्यूह रचकर पंजाब किंग्स को 142 रनों पर रोका और फिर सात विकेट पर 143 रन बनाकर मैच जीत लिया। पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों ने बेहद मायूसी के साथ इस स्टेडियम से विदाई ली। उन्होंने यहां लगातार चौथा मैच गंवाया। रविवार को इस स्टेडियम पर आईपीएल का आखिरी मैच होने के चलते दर्शकों की जबर्दस्त भीड़ उमड़ी। पंजाब किंग्स की हार से दर्शकों में मायूसी छा गई। लेकिन लोकल हीरो शुभमन गिल के खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों को खुश कर दिया। इस मैच में गुजरात के गेंदबाज साई किशोर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 33 रन देकर चार विकेट चटकाए।
लगभग 33 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम के सभी स्टैंडों पर जबरदस्त भीड़ दिखाई दी। स्टेडियम में दर्शकों के मनोरंजन करने के लिए आयोजकों की ओर से बेहतरीन इंतजाम किए गए थे। हर चौके-छक्के पर डीजे की धुनों पर पंजाबी गाने बजाए गए। पंजाबी गानों पर दर्शक जमकर थिरकते हुए नजर आए। वहीं चेयर्स गर्ल्स भी रंग-बिरंगे परिधानों में डांस करते हुए दर्शकों का मनोरंजन कर रही थी। इस मैच में भी पंजाब के नियमित कप्तान शिखर धवन नहीं खेले। सैम करन ने कप्तानी संभाली। लेकिन पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय उन्हें भारी पड़ गया और टीम केवल 142 रन की बना सकी।
पंजाब किंग्स को टॉप ऑर्डर का फ्लाप शो जारी
मुल्लांपुर स्टेडियम में अंतिम मैच में भी पंजाब किंग्स के टॉप ऑर्डर फ्लॉप शो जारी रहा। पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाजी प्रभसिमरन ने कप्तान सैम करन के साथ मिलकर पंजाब के लिए पहली विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी की। प्रभसिमरन के 35 रनों पर आउट होने के बाद एक बार फिर से शुरुआती क्रम बुरी तरह से बिखर गया। सैम कुरन (20), राइली रूसो (9), लिविंगस्टोन (6) और जीतेश शर्मा (11) रन आउट हो गए।
शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा ने किया निराश
पिछले मैच के हीरो शशांक सिंह और आशुतोष शर्मा ने भी इस मैच में निराश किया। शशांक सिंह ने आठ और आशुतोष ने मात्र 3 रन का योगदान दिया।