गौरतलब है कि शनिवार तड़के शराब कारोबारी राकेश सिंगला की कोठी में काम करने वाली रसोइया लक्ष्मी व उसके रिश्तेदार नौकर राजू ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने पहले तो शुक्रवार रात में खाने-पीने में नशीला पदार्थ मिलाकर राकेश सिंगला, नौकरानी व ड्राइवर को बेसुध कर दिया था जबकि कारोबारी ब्रदर्स की बुजुर्ग मां ने रात में खाना नहीं खाया था जिस कारण वह बेसुध नहीं हुई। पहले से तैयारी के चलते नौकरों ने रात में करीब 3 बजे बुजुर्ग को बंधक बनाया और उनसे चाकू की नोंक पर घर में नकदी व ज्वैलरी बारे पूछकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी घर में से करीब दो किलो सोने-चांदी की ज्वेलरी सहित लाखों रुपये की नकदी सहित घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज वाली डीवीआर तक साथ ले गए थे। हालांकि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व अन्य जांच टीमों ने सेक्टर में लगे अन्य कैमरों की फुटेज निकाल ली थी, जिसमें पांच आरोपी बैग लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे थे। एसएसपी द्वारा इस मामले में डीएसपी साउथ के नेतृत्व में जांच के अलग-अलग टीमों का गठन कर दिया है और विभिन्न जगहों पर दबिश देकर आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। सेक्टर-34 थाना प्रभारी बलदेव कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है। अभी उनका कोई सुराग नहीं लगा है लेकिन उनकी कॉल डिटेल व लोकेशन निकाली जा रही है।
फोटो 03: शराब कारोबारी राकेश सिंगला की कोठी जिसमें हुई थी लूट की वारदात।