अयोध्या में राम जन्मभूमि और बाबरी मस्जिद के जमीन विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष के वकील द्वारा आवेश में आकर हिंदू महासभा द्वारा पेश ‘राम जन्मभूमि’ का नक्शा फाड़ने के विरोध में पंजाब हिंदू वेलफेयर बोर्ड ने वकील राजीव धवन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
बोर्ड ने इस घटनाक्रम को लेकर दिल्ली पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के वकील राजीव धवन को गिरफ्तार करने की मांग की है।
हिंदू वेलफेयर बोर्ड पंजाब के चेयरमैन महंत रविकांत मुनि ने शनिवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 16 अक्तूबर को सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या मामले की सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष के वकील राजीव धवन ने अदालत परिसर के भीतर ही राम जन्मभूमि का नक्शा फाड़ दिया।
महंत रविकांत मुनि ने बताया कि इस संबंध में 17 अक्तूबर को दिल्ली पुलिस के समक्ष शिकायत भी दर्ज करवा दी गई है। इसके बावजूद दिल्ली पुलिस इस मामले में ठोस कार्रवाई करने की बजाय ढिलाई बरत रही है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यह लाखों हिंदुओं की भावनाओं से जुड़ा मसला है।