Punjab And Haryana Highcourt
- फोटो : File Photo
ट्रैफिक नियमों का पालन करवाने में अभी तक नाकाम रही चंडीगढ़ पुलिस ने नाकामी का ठीकरा मोहाली और पंचकूला वासियों पर फोड़ा है। यूटी पुलिस ने कहा कि चंडीगढ़ की स्थिति एनसीआर की तरह हो गई है। शहर के लोगों को तो जागरूक किया जा रहा है लेकिन बाहर से आने वाले लोग परेशानी का सबब बन रहे हैं। हाईकोर्ट ने इस पर कहा कि यह देखना पुलिस का काम है कि कैसे नियमों का पालन हो। ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड मिलकर इस स्थिति को संभालें।
मास्टर प्लान के माध्यम से बताएं कैसे निपटेंगे ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या से
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान चीफ आर्किटेक्ट को निर्देश दिए कि वे मास्टर प्लान के अनुरूप बताएं कि आने वाले वर्षों में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या से निपटने की क्या योजना है। साथ ही यह भी बताएं कि कुछ सरकारी इमारतों के आगे पार्किंग का स्थान दिया गया है और कुछ में नहीं। तो या तो सभी जगह पार्किंग दो या फिर सभी के लिए एक ही व्यवस्था लागू करो।
हाईकोर्ट ने कहा कि अभी ट्रैफिक पुलिस को एक सप्ताह का समय दिया जा रहा है कि वे यह सुनिश्चित करें कि साइकिल ट्रैक व फुटपाथ पर कोई वाहन न चले। कुछ वर्ष पहले इस शहर में ट्रैफिक पुलिस और वाहन अनुपात सबसे ज्यादा था, पर अब हालत बदतर है।
शून्य नागरिक भावना
हाईकोर्ट ने कहा कि एक ओर तो पुलिस अपनी ओर से कोशिश कर रही है लेकिन लोगों के बीच शून्य नागरिक भावना है। लोगों को चाहिए कि वे नियमों के अनुरूप चले और खुद को भी सुरक्षित रखें और दूसरों को भी। लोग लापरवाही बरतते हैं और इसके साथ ही पुलिस भी अपनी जिम्मेदारी को पूरी तरह से निभाने में कामयाब नहीं हुई है।
दिखावे का पालन
हाईकोर्ट ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस टोकन चालान में हीरो है जो केवल दिखावा है। असल में जमीनी स्तर पर काम नहीं हो रहा है। अब कोई भी कार या बाइक प्रतिबंधित क्षेत्र में पार्क मिले तो तुरंत इसको टो करवाओ। लोगों के बीच संदेश जाना चाहिए कि नियम का पालन नहीं हुआ तो परिणाम गंभीर हो सकता है।