केंद्र सरकार की ओर से हाल ही में भले ही पेट्रो पदार्थों की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है लेकिन पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश ने डीजल पर वैट बढ़ा दिया है।
पंजाब में वैट 12.5 फीसदी से बढ़ाकर 13.4 फीसदी कर दिया गया है। सरचार्ज लगने के बाद डीजल पर वैट की कुल दर 17 फीसदी हो गई है। वहीं हरियाणा में वैट 11.5 फीसदी से बढ़कर 16.4 फीसदी हो गया है जबकि हिमाचल में इसे 11.5 फीसदी से बढ़ाकर 16 फीसदी करने का फैसला लिया गया है।
पंजाब के अब तक डीजल का प्रति लीटर रेट 51.42 रुपये था। बुधवार को डीजल में दो रुपये की कमी होने पर लोगों को उम्मीद थी कि अब यह 49.42 रुपये प्रति लीटर मिलेगा लेकिन वैट में इजाफा होने से डीजल की कीमत 50.24 रुपये हो गई है।
वहीं पेट्रोल-डीजल पर दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की घोषणा से पहले हरियाणा में डीजल के दाम 50 रुपये 37 पैसे थे, जो लगभग दो रुपये की कटौती के बाद 48 रुपये के लगभग होने चाहिए थे, लेकिन वैट की दर में बढ़ोतरी किए जाने के बाद अब डीजल के दाम 50 रुपये 38 पैसे प्रति लीटर हो गए हैं।
चंडीगढ़ में भी बढ़ेगा वैट
पड़ोसी राज्यों के अलावा राजधानी चंडीगढ़ में वैट की एक समान दर के लिए पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा ने गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक कप्तान सिंह सोलंकी से मुलाकात की। प्रशासन ने जल्द ही चंडीगढ़ में भी वैट बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
हिमाचल ने मांगे सुझाव
हिमाचल ने वैट बढ़ाने के कैबिनेट के फैसले को लागू करने से पहले प्रदेश की जनता से दस दिन के भीतर आपत्तियां और सुझाव मांगे हैं। प्रदेश सरकार का तर्क है कि उत्तर भारत के सभी राज्यों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में समानता लाने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
सस्ता होते ही महंगा हुआ
राष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की घोषणा पंद्रह जुलाई को की गई थी। इसके बाद राज्यों की तरफ से डीजल पर वैट में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी कर दी गई। इससे प्रति लीटर कीमत में खास फर्क नहीं पड़ा।