पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान।
- फोटो : फाइल फोटो
सुरक्षा घटाए जाने के अगले ही दिन प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या हो जाने के कारण चौतरफा आलोचना का सामना कर रही पंजाब सरकार ने बुधवार को उन 40 वीआईपी के सुरक्षा कवर को वापस लागू कर दिया। हालांकि इस बार सुरक्षा कवर वापस करते समय सरकार ने यह एहतियात बरता है कि किसी भी वीआईपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।
पिछले सप्ताह शनिवार को पंजाब सरकार ने 424 लोगों की सुरक्षा घटा दी थी। उनके नाम भी सार्वजनिक कर दिए थे। इसके बाद रविवार को प्रसिद्ध गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी। अब राज्य सरकार ने 40 लोगों के सुरक्षा कवर को वापस लागू कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, सरकार ने अब सुरक्षा कवर हासिल किए प्रत्येक वीआईपी के खतरे की मासिक आधार पर समीक्षा करने का फैसला किया है। यह भी फैसला लिया गया है कि राज्य में जितने भी वीआईपीज द्वारा खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की जा रही है, उन्हें तत्काल सुरक्षा कवर मुहैया कराया जाए और उस संबंध में छानबीन बाद में की जाए। बुधवार को जिन 40 वीआईपीज की घटाई गई सुरक्षा को फिर से पूरा कर दिया गया है, उनमें ज्यादातर ऐसे लोग हैं, जिन्हें गैंगस्टरों से जान का खतरा है।
अफसरों से पूछा- सुरक्षा घटाने के आधार क्या थे?
सूत्रों के अनुसार, पंजाब सरकार ने जिस समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर 424 लोगों की सुरक्षा में कमी की थी, उसके बारे में भी संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब कर लिया है कि उन्होंने किस आधार पर सुरक्षा घटाने की सिफारिश की थी। उल्लेखनीय है कि सिद्धू मूसेवाला को गैंगस्टरों से खतरे की पहले से जानकारी थी और इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने भी पंजाब पुलिस को फीडबैक दिया हुआ था। इसके बाद भी मूसेवाला की सुरक्षा में तैनात 10 गनमैन को घटाकर पहले 4 किया गया और अब 2 गनमैन कर दिया गया था। मुख्यमंत्री ने अफसरों को वह मैकेनिज्म बताने का कहा है, जिसके आधार पर सुरक्षा बढ़ाने, घटाने या वापस लेने की सिफारिश की जाती रही है।
धर्म गुरुओं की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला
इसके साथ ही सरकार ने धर्म गुरुओं की सुरक्षा पर भी विशेष रूप से ध्यान देते हुए सभी की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया है। इसके तहत धर्मगुरुओं को पहले से दिए गए सुरक्षा कवर में अतिरिक्त वाहन और सुरक्षाकर्मी जोड़े जाएंगे। इस बीच, राज्य सरकार ने पुलिस विभाग से वीआईपीज के सुरक्षा कवर के मामले में नए सिरे से रिपोर्ट भी तलब कर ली है।