कोरोना के संबंध में भ्रामक जानकारी देने वालों के खिलाफ शिकंजा कसने जा रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को डीजीपी को निर्देश दिए कि महामारी के संबंध में लोगों में अफवाह फैलाने और कोरोना को लेकर झूठा प्रचार करने वाले वेब चैनलों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
सिमरजीत बैंस समेत कई अन्य के खिलाफ केस दर्ज
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कोविड की समीक्षा संबंधी वर्चुअल मीटिंग में डीजीपी ने बताया कि पिछले 10 दिन के अंदर (27 अगस्त से 7 सितंबर तक) अफवाहें फैलाने वालों, भ्रामक वीडियो द्वारा कोविड के खिलाफ शुरू की गई जंग में बाधा उत्पन्न करने और लोगों को सरकारी व निजी अस्पतालों में सही तरीके से इलाज करवाने के रास्ते में रुकावट पैदा करने वालों के खिलाफ 8 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में से एक केस लोक इंसाफ पार्टी के नेता और विधायक सिमरजीत सिंह बैंस के खिलाफ भी दर्ज किया गया है। इसके अलावा पटियाला, फिरोजपुर, मानसा, एसएएस नगर, लुधियाना ग्रामीण, लुधियाना, जालंधर और मोगा में केस दर्ज किए गए हैं।