संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि पंजाब सरकार उनके फोन टैप कर रही है। वह कब घर से बाहर जाते हैं और कब घर के अंदर जाते हैं, उन पर नजर रखी जा रही है। उनके घर कौन आता-जाता है, इसकी जानकारी पर भी सरकार नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि अकाल तख्त साहिब से धार्मिक सजा सिर्फ अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर को ही नहीं, बल्कि बागी अकालियों को भी मिलनी चाहिए, क्योंकि बागी अकालियों ने भी अकाली दल की सरकार के दौरान सत्ता का सुख बराबर भोगा है। बिक्रम मजीठिया ने यह खुलासा मानहानि मुकदमे की सुनवाई की तिथि पर अदालत में पेश होने के बाद मीडिया के साथ बातचीत के दौरान किया। मजीठिया ने कहा कि एसआईटी कानून के अनुसार नही चलती बल्कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के आदेशों का पालन करती है, क्योंकि मुख्यमंत्री गृह मंत्री भी हैं और पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण गृह मंत्री और मुख्यमंत्री को ही करना होता है। ड्रग मामले में अब तक कई एसआईटी बदली जा चुकी हैं, एसआईटी में शामिल अधिकारियों को पहले प्रमोशन दिया जाता है। उनके मामले में एसआईटी का गठन डीजीपी स्तर से लेकर डीआइजी स्तर तक किया गया था। लेकिन अब यह इंस्पेक्टर स्तर पर आ गया है।