पंजाब की सात हाई सिक्योरिटी जेलों के अंदर कोर्ट रूम स्थापित किए जा रहे हैं। यहां जल्द ही अदालत लगाने की कार्रवाई शुरू होगी। यह कदम खतरनाक अपराधियों को जेल से बाहर ले जाने से रोकने के लिए उठाया गया है। इन कैदियों की पेशी जेल के अंदर स्थापित कोर्ट में ही होगी और वहीं पर हर हफ्ते कोर्ट लगा करेगी।
यह जानकारी जेल व सहकारिता मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बुधवार को फिरोजपुर डीसी कांप्लेक्स में पत्रकारवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि पटियाला, कपूरथला, अमृतसर, बठिंडा, फरीदकोट, संगरूर और नाभा की हाई सिक्योरिटी जेल में कोर्ट रूम स्थापित किए जा रहे हैं। इसका नोटिफिकेशन भी जारी हो चुका है।
कैप्टन सरकार बनने के बाद जेलों की सुरक्षा के लिए कई कदम उठाए गए हैं। जेलों में 1500 मुलाजिमों की कमी थी जिसमें से 750 भर्ती कर लिए गए थे। बाकी के 750 में से 450 मुलाजिमों को भर्ती करने की मंजूरी सरकार की तरफ से मिल चुकी है। जल्द ही ये भर्तियां भी कर दी जाएंगी।