पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बेघर परिवारों को 5-5 मरले के 132620 प्लाट देने संबंधी स्कीम को मंजूरी दे दी है। यह प्लॉट उन गांवों में मुहैया कराए जाएंगे, जहां पंचायतों के पास भूमि उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने 22 जनवरी को प्रदेश के डिप्टी कमिश्नरों को इस उद्देश्य के लिए आवश्यक जमीन की शिनाख्त करने के बाद इसके लिए विशेष मुहिम शुरू करने को कहा था। ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग की ओर से पेश किए प्रस्ताव के तहत मुख्यमंत्री ने प्रत्येक गांव में कम से कम 10 बेघर परिवारों को प्लॉट अलॉट करने के लिए डिप्टी कमिश्नरों को कहा था।
प्लॉट अलॉट करने संबंधी जिलेवार ब्योरा
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि अमृतसर जिले की 860 पंचायतों में 8600 बेघर परिवारों को प्लाट दिए जाएंगे जबकि बठिंडा जिले की 114 पंचायतों में 3140 प्लॉट और बरनाला में 175 पंचायतों द्वारा 1750 प्लॉट दिए जाएंगे। फिरोजपुर जिले की 838 पंचायतों में 8380 प्लॉट, फाज़िल्का की 435 पंचायतों में 4350 प्लॉट और फऱीदकोट जिले में 2430 प्लॉट दिए जाएंगे।
फतेहगढ़ साहिब जिले के 429 गांवों में 4290 प्लॉट और गुरदासपुर जिले की 1279 पंचायतों द्वारा 12790 प्लॉट दिए जाएंगे। होशियारपुर जिले के 1405 गाँवों में 14050, जालंधर के 890 गाँवों में 8900, कपूरथला के 546 गाँवों में 5460, लुधियाना के 943 गाँवों में 9430, मानसा के 245 गाँवों में 2450, श्री मुक्तसर साहिब के 269 गाँवों में 2690, मोगा के 340 गाँवों में 3400, शहीद भगत सिंह नगर के 466 गाँवों में 4660, पटियाला के 1038 गाँवों में 10380, रोपड़ के 611 गाँवों में 1110, पठानकोट के 421 गाँवों में 4210, संगरूर के 599 गाँवों में 5990, एसएएस नगर के 341 गाँवों में 3410 और तरनतारन के 575 गाँवों में 5750 प्लॉट दिए जाएंगे।