पंजाब सरकार ने बिजली दरों में इजाफा कर दिया है। ऐसे में आने वाला बिजली का बिल आपके बजट को बिगाड़ सकता है। लिहाजा पहले से ही तैयार हो जाइये जेब ढीली करने के लिए। जानकारी के अनुसार औसतन एक हजार यूनिट की खपत पर घरेलू उपभोक्ताओं की जेब पर 176 रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
गर्मियों के सीजन में यूं भी भारी भरकम बिल आता है, लिहाजा इस बार बिल कुछ ज्यादा आने वाला है। लोकसभा चुनाव के बाद पंजाब सरकार ने बिजली दरों में इजाफा किया था। इसका नोटिफिकेशन जारी होने के बाद घरेलू उपभोक्ताओं के हाथ में जो बिल आएगा, वो बढ़ी हुई दरों के साथ आएगा।
बढ़े बिजली के रेट के खेल को यूं समझें, आठ पैसे बढ़ाई यूनिट की दर
200 यूनिट तक पहले 4.91 रुपए का भुगतान करना होता था जो अब 4.99 रुपए करना होगा। 200 यूनिट के बाद पहली 400 यूनिट के लिए 6.51 रुपए की दर से भुगतान होता था जो अब 6.59 रुपए की दर से करना होगा। अगली 400 यूनिट के लिए पहले दर 7.12 रुपए थी जिसे अब 7.20 रुपए कर दिया गया है।
इसके बाद प्रति यूनिट दर 7.33 रुपए जो अब 7.41 रुपए कर दी है। इस लिहाज से 5 किलोवाट लोड वाले उपभोक्ता, जिनकी खपत 1000 यूनिट थी उन्हें पहले सभी टैक्स मिला कर 9220.80 रुपए का भुगतान करना होता था, लेकिन अब उन्हें 9396.80 रुपए का भुगतान करना होगा। पंजाब के घरेलू उपभोक्ता पहले से ही सबसे ज्यादा टैक्स देते रहे हैं।