चंडीगढ़-फिरोजपुर के बीच एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, पीपीपी, आप व अन्य जत्थेबंदियों ने शुक्रवार को भैंस के साथ रेलमंत्री की तस्वीर लगाकर और उसके सामने बीन बजाकर रोष प्रदर्शन किया।
यही नहीं जब रेल मंडल प्रबंधक एनसी गोयल उनसे मिलने डीआरएम दफ्तर के बाहर नहीं आए तो उनके चैंबर के बाहर जाकर बीन बजाई। तब जाकर गोयल अपने चैंबर से निकले और उनका मांगपत्र लिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि पंद्रह दिन तक ट्रेन नहीं चली तो रेलमंत्री का घेराव किया जाएगा।
एनएसयूआई की पंजाब प्रधान दामन बाजवा, ऑल इंडिया के महासचिव नेहा भंडारी, यूथ कांग्रेस पंजाब के महासचिव गुरभेज सिंह टिब्बी ने बताया कि रेल बजट में उक्त ट्रेन घोषित की गई है। यह ट्रेन एक सितंबर को फिरोजपुर-चंडीगढ़ के बीच चलनी थी, लेकिन पंजाब के एक वरिष्ठ अकाली नेता के इशारे पर नहीं चलाई गई क्योंकि उनकी ट्रांसपोर्ट को नुकसान पहुंच रहा था।
गुरभेज ने बताया कि उन्हें व समाजसेवी-धार्मिक संस्थाओं को छावनी रेलवे स्टेशन के बाहर रोष प्रदर्शन करते हुए 31 दिन हो चुके हैं। बावजूद इसके ट्रेन नहीं चलाई गई। गुरभेज ने बताया कि उन्होंने 28 अक्तूबर से धरना शुरू किया था। इस धरने में कांग्रेस के पंजाब अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी हो कर गए हैं।