पर्यटन मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने सूबे की नई कल्चरल पॉलिसी पर मंथन शुरू कर दिया है। रविवार को उन्होंने पंजाब भवन में कला व सभ्याचारक जगत की नामवर हस्तियों के साथ बैठक कर उनके सुझाव लिए। नई पॉलिसी का मकसद युवाओं को पंजाब के अमीर विरसे से जोड़ना, पंजाबी सभ्याचार का संरक्षण करना और पर्यटन को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने कहा कि हिंदी फिल्मों की शूटिंग के लिए पंजाब एक आदर्श जगह है। फिल्म टूरिज्म को प्रमोट करने के लिए राज्य में सौ एकड़ में फिल्म सिटी की स्थापना की जाएगी।
बैठक में पंजाबी के प्रसिद्ध कवि पद्मश्री सुरजीत पातर के अलावा गायक पम्मी बाई, सुनीता धीर, जसबीर जस्सी, गुरप्रीत घुग्गी, सतिंदर सरताज व मनमोहन सिंह जैसी नामी शख्सीयतें मौजूद थीं। सिद्धू ने सबके सुझाव सुनने के बाद कहा कि नई पॉलिसी में इन सबको शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून बनाने से नहीं होगा। सूबे में मजबूत कल्चरल मूवमेंट चलाना होगा, जिसकी शुरुआत बच्चों और घर व स्कूल से करनी होगी। पर्यटन मंत्री ने कहा कि यह विभाग के लिए मान की बात है कि कला, साहित्य, सभ्याचार, टीवी, फिल्म, थिएटर, शिक्षा क्षेत्रों के नामी लोग एक प्लेटफार्म पर आए हैं।
पाइरेसी के खिलाफ लाएंगे गुंडा एक्ट
नवजोत सिद्धू
- फोटो : फाइल फोटो
सिद्धू ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उन्हें यह विभाग देकर मां-बोली पंजाबी की सेवा करने का मौका दिया है। उन्होंने कहा कि गानों में अश्लीलता रोकने को कल्चरल मूवमेंट की जरूरत है। पाइरेसी खत्म करने को तमिलनाडु की तर्ज पर गुंडा एक्ट लाना भी उनके एजेंडे में है। सिद्धू ने सभी से 15 दिनों में ई-मेल के जरिए लिखित विस्तृत सुझाव भेजने को कहा। ताकि 15 दिन बाद ऐसी ही एक और मीटिंग कर फिर उन पर चर्चा की जा सके। सिद्धू ने कहा कि हिंदी फिल्मों की शूटिंग के लिए पंजाब एक आदर्श जगह है। फिल्म टूरिज्म को प्रमोट करने केलिए यहां फिल्म सिटी की स्थापना की जाएगी।
अमृतसर में रोजाना आते हैं एक लाख सैलानी
उन्होंने कहा कि अमृतसर में रोजाना एक लाख से ज्यादा सैलानी आते है। अगर वहां के पर्यटन व धार्मिक स्थलों को मिलाकर एक सर्किट बना दिया जाए तो पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा। सिद्धू ने कहा कि अगर सरकार, अरविंद केजरीवाल की तरह नकारात्मक हो जाए कि ये ठीक नहीं है, वो ठीक नहीं है, तो कुछ नहीं होगा। सरकार समाधान देगी, पचास सालों को देख कर पॉलिसी बनाई जाएगी। जल्द ही सीएम एक बैठक में नई पॉलिसी का एलान करेंगे।
मीटिंग में आए प्रमुख सुझाव
बच्चों के लिए पंजाबी में बाल गीत, नर्सरी राइम्स तैयार हों
कॉलेजों के गायन मुकाबले हर बार किसी एक कवि पर आधारित हों
डिस्कवरी ऑफ इंडिया की तरह पंजाब पर डॉक्यूमेंट्री बने
पंजाबी शायरों पर कॉफी टेबल बुक सोल ऑफ पंजाब बने
सरकार कलाकारों को पेंशन और प्रोत्साहन दे
अश्लील गीतों पर रोक लगाई जाए
हाल ऑफ फेम या वाक ऑफ फेम बने
होटलों में शाम को एक घंटा पंजाबी लोकनृत्य जरूरी हो
स्कूल नोटबुक के पीछे किसी शख्सीयत की जीवनी छपे
लोकल हीरो के नाम पर चेयर स्थापित हों, बुत लगें
यूथ के लिए कल्चरल रोड मैप तैयार किया जाए
पुरातन गांव को पूरी तरह री-क्रिएट किया जाए
हैरिटेज फेस्टिवल दोबारा शुरू किए जाएं
लोकनृत्यों का डॉक्यूमेंटेशन किया जाए