पंजाब में रेल यातायात बहाल हो गया। किसानों ने नई चेतावनी देते हुए 6 दिन बाद रेल रोको आंदोलन खत्म कर दिया, लेकिन उनका आंदोलन अभी जारी रहेगा। किसान नेताओं ने चेताया कि वे आगामी 22 अक्तूबर से किसान सूबे के मंत्रियों और विधायकों की कोठियों का घेराव करेंगे।
भारतीय किसान यूनियन एकता (डाकौंदा) के महासचिव जगमोहन सिंह ने कहा कि रेल रोको आंदोलन खत्म होने के बावजूद हक की लड़ाई जारी रहेगी। उधर मोगा में कीरती किसान यूनियन के जिला प्रधान दविंदर सिंह घाली और बलौर सिंह घाली ने सरकार से किसानों को प्रति एकड़ 40 हजार और मजदूरों को 20 हजार रुपये मुआवजा देने और कीटनाशक घोटाले की किसी निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि बीते सोमवार को किसान संगठनों की मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता विफल हो गई थी। किसान नेता सतनाम सिंह ने बताया कि उनके आंदोलन के कारण जनता को काफी परेशान हो रही थी जिसके चलते सांझी कमेटी ने ट्रैक से हटने का फैसला लिया है।