पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में शनिवार को कोविड को हराकर घर जाने वालों की तुलना में कोविड के कारण दाखिल हुए नए मरीजों की संख्या चार गुनी थी। वहीं कोरोना के कारण राजिंदरा में शनिवार को एक ही दिन में शनिवार को 545 नए केस मिले। राजिंदरा अस्पताल की कोविड वार्ड इंचार्ज सुरभि मलिक ने बताया कि अस्पताल से शनिवार को कोरोना को मात देकर 17 लोगों को छुट्टी दी गई, जबकि 71 नए कोविड मरीजों ने दाखिला लिया।
उन्होंने बताया कि राजिंदरा में इस समय 350 से ज्यादा कोविड के मरीज दाखिल हैं, जिनमें से 150 से ज्यादा गंभीर मरीज हैं। उन्होंने माना कि रोजाना बड़ी संख्या में कोविड मरीज अस्पताल दाखिल होने को आ रहे हैं, इस कारण बेड संख्या और बढ़ाई जा सकती है।
सिविल सर्जन डा. सतिंदर सिंह ने कहा कि कोविड अस्पतालों में मरीजों के बढ़ते हुए दाखिलों को देखते हुए बेडों की गिनती लगातार बढ़ाई जा रही है। कोविड अस्पतालों में एल-3 के बेड़ों में 78 और बेड बढ़ा दिए हैं। अब सरकारी क्षेत्र के कोविड अस्पतालों में एल-2 के बेडों की संख्या 648 और एल-3 की 208 हो गई है। इस तरह प्राइवेट कोविड अस्पतालों में एल-2 बेडों की संख्या 280 और एल-3 बेडों की संख्या 81 हो गई है।