कैप्टन अमरिंदर सिंह और राहुल गांधी (फाइल फोटो)
शिरोमणि अकाली दल के किसान मोर्चे के बाद अब कांग्रेस कृषि कानूनों के विरोध में रोड शो की तैयारी कर रही है। पार्टी के तीन दिवसीय रोड शो में राहुल गांधी शामिल होंगे और पंजाब में कई स्थानों पर होने वाली जनसभाओं में किसानों को संबोधित भी करेंगे। कांग्रेस का रोड शो दो अक्तूबर से शुरू होगा और चार अक्तूबर को हरियाणा की सीमा पर समाप्त होगा। इसके बाद हरियाणा कांग्रेस रोड शो जारी रखेगी, जो दिल्ली में जाकर समाप्त होगा।
कृषि कानूनों के विरोध को लेकर किसानों को साधने के लिए कांग्रेस पार्टी अब रोड शो की तैयारी में जुट गई है। यह पहली बार ही होगा कि राहुल गांधी तीन दिनों तक लगातार पंजाब में रहकर इस सियासी घटनाक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह सहित पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत मिलकर इस रोड शो की तैयारी में लगे हुए हैं।
रोड शो का पूरा मैप तैयार हो गया है। कांग्रेस के दोनों दिग्गज तैयारियों की रूपरेखा अपनी ही देखरेख में बना रहे हैं। हालांकि राहुल के रोड शो में शामिल होने की प्रदेश कांग्रेस पुष्टि नहीं कर रहे हैं लेकिन कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने इसके पूरे संकेत दे दिए हैं। रावत का कहना है कि राहुल गांधी कांग्रेस के नहीं देश के भी चेहरे हैं। किसानों को उनसे बहुत उम्मीदें हैं और वह उनकी समस्याओं से रूबरू होने पंजाब आ रहे हैं।
यह होगा रोड शो का मैप
- दो अक्तूबर: रोड शो बदनी कलां, निहाल सिंह वाला, मोगा से एक सार्वजनिक सभा के साथ शुरू होगा। एक अन्य सार्वजनिक सभा के साथ रायकोट, लुधियाना में समाप्त होगा।
- तीन अक्तूबर: रोड शो धूरी, संगरूर से एक सार्वजनिक सभा के साथ शुरू होगा और पटियाला की समाना मंडी में एक सार्वजनिक सभा के साथ समाप्त होगा।
- चार अक्तूबर: रोड शो देवगढ़, पटियाला से एक सार्वजनिक सभा के साथ शुरू होगा और एक अन्य सार्वजनिक सभा के साथ हरियाणा सीमा पर समाप्त होगा। हरियाणा सीमा से रोड शो हरियाणा कांग्रेस द्वारा जारी रखा जाएगा और दिल्ली में संपन्न होगा।