ये कानून लागू करने के पीछे यही सोच है कि पंजाब के किसानों को मिलने वाली एमएसपी बंद कर यहां के लोगों को आर्थिक मंदी में फेंक दिया जाए। जाखड़ ने कहा कि किसान दिल्ली की सरहद पर डटे हैं और जवान देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात हैं लेकिन सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार कारपोरेट घरानों को देश बेचने पर तुली है।
शिअद पर साधा निशाना
जाखड़ ने कहा कि अकाली दल का आज 100वां स्थापना दिवस है लेकिन अपने लोगों से की गई गद्दारी के कारण इसके नेता अपनी पार्टी का स्थापना दिवस भी नहीं मना पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अकाली दल ने केंद्र सरकार में सहयोगी रहते हुए ये काले कानून लागू कराए हैं और अब कुर्बानी देने का नाटक कर रहे हैं। जबकि आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार इन काले कानूनों को पहले ही लागू कर चुकी है। उन्होंने कहा कि ऐसे दोहरे चरित्र के लोगों का सच पंजाब के लोग खूब समझते हैं।
जो जीतकर गए थे, उन्होंने भाजपा से मिलकर लागू करवाया कानून
इससे पहले पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि जो किसानों के नाम पर जीतकर लोकसभा में गए थे, उन्होंने तो भाजपा से मिलकर इन कानूनों को लागू करवाया है। राहुल गांधी ने सबसे पहले इनका विरोध किया था। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री तृप्त राजेंद्र सिंह बाजवा, मनप्रीत सिंह बादल, सुखजिंदर सिंह रंधावा, बलबीर सिंह सिद्धू, सुंदर शाम अरोड़ा, भारत भूषण आशु, साधु सिंह धर्मसोत, विजय इंद्र सिंगला, राजपुरा विधायक हरदियाल सिंह कंबोज, घनौर विधायक मदनलाल जलालपुर व पंजाब से संबंधित अन्य विधायक व सांसद भी उपस्थित रहे।