पंजाब कांग्रेस की शुक्रवार को बुलाई गई बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को सोनिया गांधी की जगह पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने के लिए सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया।
चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में बुलाई गई इस बैठक में प्रदेश से सभी कांग्रेसी मंत्री, विधायकों के अलावा पार्टी की चुनाव अधिकारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ और पार्टी के प्रदेश नेताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक में राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पेश किया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि पार्टी की मौजूदा अध्यक्ष सोनिया गांधी पिछले काफी समय से अस्वस्थ्य हैं, जिसके चलते पार्टी के भीतर लगातार यह मांग उठती रही है कि राहुल गांधी को पार्टी प्रधान की जिम्मेदारी सौंप दी जाए।
इस बीच, पार्टी के संगठन चुनावों का काम भी अंतिम चरण में है और कई राज्यों में कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने के पक्ष में प्रस्ताव पारित करने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इसे देखते हुए माना जा रहा है कि पार्टी के संगठन चुनावों के दौरान ही राहुल गांधी को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने दी जाएगी।