पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पुलिस को मोगा के जिला प्रशासनिक कॉम्पलेक्स में आपत्तिजनक झंडा लहराने के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। साथ ही नौजवानों को भी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू और उसकी सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) जैसे भारत विरोधी तत्वों के झूठे प्रचार के बहकावे में न आने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने पन्नू को चुनौती देते हुए कहा, ‘‘तू पंजाब तो आकर देख, मैं तुझे सबक सिखाऊंगा।’’ उन्होंने कहा कि राज्य की अमन-शान्ति को भंग करने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा। कैप्टन ने डीजीपी दिनकर गुप्ता को आदेश दिए कि मोगा घटना में पहचाने गए दो शरारती तत्वों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने दोनों के लिए 50,000 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है, जिनकी सीसीटीवी फूटेज भी जारी की गई है।