पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हावड़ा में प्रदर्शन के दौरान सिख युवक की पुलिस पिटाई और उसकी दस्तार उतरने की मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने निंदा की है। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि घटना से मुख्यमंत्री काफी आहत हैं।
उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार से घटना में शामिल पुलिस कर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उधर, दिल्ली में डीएसजीएमसी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने सिख युवक के साथ बेअदबी की घटना को शर्मनाक बताया। सिरसा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि वीरवार को कोलकाता से सटे हावड़ा में पुलिस के साथ झड़प के दौरान बलबिंदर सिंह नामक व्यक्ति की दस्तार उतार कर बालों से घसीटे जाने का आरोप है। शुक्रवार को झड़प का एक वीडियो वायरल हो गया जिसमें दिख रहा है कि बलविंदर की पगड़ी खींची गई और उनके जमीन पर गिर जाने के बाद भी पुलिस उन्हें पीटती रही।