मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी देवीलाल ने इस नहर के सर्वे की इजाजत देने के लिए पंजाब के अपने समकक्ष प्रकाश सिंह बादल के बारे में प्रशंसा भरे बयान दिए थे। मान ने कहा कि यह नेता राज्य से किए गए द्रोह के लिए जिम्मेदार हैं और पंजाबियों की पीठ में छुरा घोंपने वाले इन नेताओं को इतिहास कभी माफ नहीं करेगा।
सुखबीर से कहा- ओबराय होटल के दस्तावेज साथ लाएं
मुख्यमंत्री मान ने शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल को एक नवंबर को होने वाली खुली बहस में गुरुग्राम के ओबराय होटल के दस्तावेज भी लाने की चुनौती दी। साथ ही सभी विपक्षी नेताओं को खुली बहस में एसवाईएल समझौते संबंधी कागज लाने को भी कहा, जो समझौते उनके पुरखों ने कुर्सी से चिपके रहने के लिए पंजाबियों को धोखा देकर किए थे। इस मुद्दे पर लोगों के सामने दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा कि बलिदानों की आड़ में यह नेता किस तरह गद्दारी करते रहे।
मेरी ड्यूटी अब सतलुज का पानी बचाने की लगी है: मान
विरोधी नेताओं को निशाने पर लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘पंजाब के पानी की आप चिंता न करो क्योंकि मेरे पिता बचपन में ही मुझे अपने खेतों का पानी बचाने का जिम्मा सौंप देते थे। परमात्मा की मेहर और लोगों के विश्वास से मेरी ड्यूटी अब सतलुज नदी का पानी बचाने के लिए लगी हुई है, जिसे मैं जी-जान से निभाऊंगा। पंजाब के पास किसी अन्य राज्य को देने के लिए एक बूंद भी अतिरिक्त पानी नहीं है और वह हर हाल में पानी की रक्षा करेंगे।