दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान।
- फोटो : फाइल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर हुए हमले का पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कड़ा विरोध किया है। सीएम मान ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के हाथों करारी हार से बीजेपी की बौखलाहट साफ दिख रही है। पुलिस की मौजूदगी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर हमला एक कायराना हरकत है। अब ये साफ हो चुका है कि भाजपा को सिर्फ आप और अरविंद केजरीवाल से डर लगता है। वहीं पंजाब आप के अन्य नेताओं ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
चड्ढा बोले-आप जनता की सेवा से देगी जवाब
आप पंजाब के सह प्रभारी राघव चड्ढा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के आवास पर भाजपा के गुंडों द्वारा करा गया हमला बेहद निंदनीय है। पुलिस की मौजूदगी में इन गुंडों ने बैरिकेड तोड़े, सीसीटीवी कैमरा तोड़े। पंजाब की हार की बौखलाहट में भाजपा वाले इतनी घटिया राजनीति पर उतर गए। चड्ढा ने कहा कि बीजेपी ने आज एक लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए सीएम के घर पर हमला किया, यह हमला सिर्फ केजरीवाल पर नहीं है, इस देश के लोगों पर है जो ईमानदार शासन चाहते हैं। आप जनता की सेवा और देशभक्ति से जवाब देगी। चड्ढा ने कहा कि जब से आप ने पंजाब में अपनी सरकार बनाई है, भाजपा पागल हो गई है। उन्होंने पंजाब और दिल्ली में कई बार केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ा और पराजित हो गए। बीजेपी को असुरक्षा है कि उनका कारोबार बंद हो जाएगा... बीजेपी के गुंडों ने आज हमला किया क्योंकि यही उनकी राजनीति है।
डर गई है भाजपा-मीत हेयर
शिक्षा मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा कि केजरीवाल केजरीवाल - सारा पंजाब तेरे नाल। पंजाब की जीत ने यह तय कर दिया है कि देश के अगले पीएम अरविंद केजरीवाल होंगे, इसलिए भाजपा डर गई है। खनन मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि वे स्तब्ध हैं। अरविंद केजरीवाल जैसे राष्ट्रीय नेता के घर पर दिल्ली पुलिस की मौजूदगी में गुंडों द्वारा हमला कैसे किया जा सकता है।