सतगुरु संत कबीर मंदिर में सीएम भगवंत मान ने टेका माथा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
रविवार सुबह सतगुरु संत कबीर मंदिर भार्गव कैंप में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान नतमस्तक हुए और श्रद्धालुओं से मुलाकात की। इस दौरान आप के प्रत्याशी सुशील रिंकू, विधायक शीतल अंगुराल, सीनियर नेता महिंद्र भगत, प्रवेश तांगडी समेत आप के कई नेता मौजूद थे। पिछले दिनों मुख्यमंत्री ने भार्गव कैंप में रोड शो किया था लेकिन देरी के कारण वो सतगुरु संत कबीर मंदिर नहीं आ पाए थे। अब रविवार को सीएम ने मंदिर आकर माथा टेका है।
आप नेता मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री मान सभी का सम्मान करते हैं। ऐसे नेता के हाथ में ही पंजाब सुरक्षित है। नतमस्तक होने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि लोग धर्म के नाम पर वोट मांगते हैं और दो समुदायों को लड़ाते हैं। रोड शो के दौरान समय की देरी के कारण दर्शन करने नहीं पहुंच सका था, इसका दुख था, अब मन हल्का हो गया है। वह यहां पर प्रचार के लिए नहीं आए हैं लेकिन इतना अवश्य कहेंगे कि जालंधर के लोग विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था के साथ आम आदमी पार्टी के एक साल के कार्यों को ध्यान में रखकर मतदान करें और विकास की रफ्तार को आगे बढ़ाएं।
महिला हॉकी अकादमी जल्द शुरू होगी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सुरजीत हॉकी सोसाइटी में नई एलईडी को लगाने और सुरजीत हॉकी स्टेडियम में महिला हॉकी अकादमी खोलने की मांग पर तत्काल आवश्यक करवाई करने का आदेश दिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि वह हॉकी के खेल से बहुत प्यार करते हैं और पंजाब सरकार हॉकी के विकास में हर संभव मदद करने को तैयार है।
उन्होंने इन दोनों मांगों को जल्द ही पूरा करने का आश्वासन दिया। पिछले 40 वर्षों से हर साल जालंधर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट कराने वाली सुरजीत हॉकी सोसाइटी जालंधर के महासचिव और जाने-माने खेल प्रमोटर सुरिंदर सिंह भापा ने जालंधर में मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बैठक में हॉकी के खेल पर चर्चा की और बताया कि सुरजीत हॉकी स्टेडियम में वर्ष 2006 में लगाई गई फ्लड लाइटों को नई एलईडी से परिवर्तित करने की मांग की। इससे 75% बिजली की बचत होगी।
उन्होंने आगे बताया कि पंजाब में महिला हॉकी के स्तर में भारी गिरावट को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार की ओर से 12 अगस्त 2021 को टोक्यो ओलंपिक 2020 में मेडल जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों को सम्मानित करते समय जालंधर में चल रही पुरुष ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी अकादमी की तर्ज पर महिला हाकी अकादमी शुरु करने को घोषणा के फैसले को लागू नहीं किया गया। इस बारे में सुरजीत हॉकी सोसायटी ने मुख्यमंत्री मान को एक मांगपत्र भेंट किया।