सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने विद्यार्थियों के भविष्य से खेल कर पैसा कमाने में लगे निजी मेडिकल व डेंटल कॉलेजों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि कॉलेज प्रबंधक या तो परफॉर्म करें या फिर ये दुकानें बंद कर दें। चिकित्सा शिक्षा व सेहत विभाग की रिव्यू मीटिंग के दौरान सीएम ने खासतौर पर विवादों में उलझे ज्ञान सागर व चिंतपूर्णी मेडिकल कॉलेज के संबंध में ये निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि दाखिला प्रक्रिया में नियमों का उल्लंघन और स्तरीय शिक्षा न देने वाले कॉलेजों को बंद करवाया जाएगा। किसी को भी विद्यार्थियों के भविष्य से खेलने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि कोताही बरतने वाले नर्सिंग कॉलेजों पर कार्रवाई की गई है।
सीएम ने विभागीय सचिव से कहा कि चिकित्सा शिक्षा केलिए आरक्षित केंद्रीय फंड का इस्तेमाल सरकारी कॉलेजों के बुनियादी ढांचे के विकास में किया जाए। मुख्य सचिव से भी कॉलेजों को फंड देने की संभावना तलाशने को कहा।