मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि छठी बार सीएम बनने पर उनकी प्राथमिकता पंजाब में शांति बनाए रखने की होगी क्योंकि कुछ ताकतें पंजाब पर बड़ा हमला करने की फिराक में हैं।
बादल वीरवार को अकाली प्रत्याशी गोबिंद सिंह लोंगोवाल के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इस दौरान बादल ने कहा कि पंजाब विरोधी कुछ ताकतें (जिन्होंने पहले भी पंजाब में कहर बरपाया था) अन्य शरारती तत्वों के साथ दोस्ती करके पंजाब का माहौल खराब करना चाहती हैं।
डेरा सिरसा के समर्थन देने पर उन्होंने कहा कि कोई भी समर्थन दे, इसका स्वागत है। एक सवाल के उत्तर में बादल ने कहा कि उन्होंने जीवन में कभी ज्यादा खुशी नहीं मनाई और न ही ज्यादा गम मनाया है। सिर्फ अपने कर्तव्यों को प्रति गंभीर रहता हूं। बादल ने दावा किया कि दो तिहाई बहुमत से गठबंधन फिर से सरकार बनाएगा।