जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले तीन-चार दिन में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताते हुए मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में सर्दी बढ़ने की भविष्यवाणी की है। विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ी राज्यों में बारिश का असर हिमपात के रूप में दिखाई दे सकता है, जिसका सीधा असर मैदानी राज्यों- पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के तापमान में भारी गिरावट के रूप में सामने आएगा। विभाग ने इन मैदानी इलाकों में अगले तीन-चार दिनों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है।
गौरतलब है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण ही पिछले कुछ दिनों से उक्त पहाड़ी राज्यों की ऊंची चोटियों पर लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। इसके चलते संबंधित इलाकों के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। कुछ स्थानों पर तापमान शून्य डिग्री से नीचे चला गया है। गुरुवार को मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में तापमान और गिरने का अलर्ट जारी करने के साथ ही भविष्यवाणी की कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बालटिस्तान, हिमाचल और उत्तराखंड के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ही बर्फबारी होगी। पहाड़ी इलाकों में तापमान गिरने से उत्तर भारत में इसका असर दिखाई देगा और ठंड बढ़ेगी।